खिलचीपुर। खिलचीपुर में एक निजी स्कूल की बस ट्रेक्टर ट्रॉली में पीछे से जा भिड़ी. दुर्घटना में लगभग 10 बच्चों को चोट आई है.
खिलचीपुर में बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ी और गंभीर लापरवाही सामने आई है. नगर में एसडीएम कार्यालय के सामने सरदार पटेल एकेडमी की बच्चों को ले जा रही स्कूल बस पीछे से एक ट्रेक्टर में जा भिड़ी. दुर्घटना में दस बच्चों को चोट आई है, बस में सवार बच्चे दुर्घटना से काफी दहशत में आ गये. मौके पर चीख-पुकार मच गई.
टेक्टर का इंजन टूटा, सडक़ पर बहा ऑयल
बस जोर से ट्रेक्टर से जा भिड़ी, टक्कर इतनी भयावह थी कि ट्रेक्टर का इंजन टूट गया और सडक़ पर ऑयल बहने लगा.दुर्घटना होते ही बस चालक और ट्रेक्टर चालक मौके पर से भाग खड़े हुए.
चीख-पुकार मची
घटना से अफरा-तफरी मच गई. दुर्घटना के कारण दहशत में आये बच्चे चीख-पुकार करने लगे. बस के अंदर बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे. कुछ बच्चे डर से कांपने लगे तो किसी को चक्कर आने लगे. जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में परिजन और नागरिक मौके पर पहुंचे. एसडीएम अंकिता जैन, तहसीलदार विनीत गोयल, एसडीओपी धर्मवीर सिंह नागर, टीआई उमा शंकर मुकाती मौके पर पहुंचे. घायल और घबराए बच्चों को दूसरी बस में बैठाकर तुरंत निजी अस्पताल पहुंचवाया. अधिकारी भी नर्सिंग होम पहुंचे और घायल बच्चों का हाल जाना. घायल बच्चों में रक्षा दांगी उम्र 10 वर्ष निवासी हिनोत्या, राजवीर सिंह खिंची 13 वर्ष निवासी हिनोत्या, विवेक दांगी उम्र 13 वर्ष, कोमल दांगी 13 वर्ष निवासी बड़बेली, भेरू सिंह दांगी उम्र 14 वर्ष, अरविंद दांगी 12 वर्ष , आशीष दांगी 12 वर्ष निवासी ग्राम हिनोत्या सहित अन्य शामिल है.
लम्बे समय से बस की हालत खस्ता
घटना के बाद परिजन काफी गुस्से में नजर आये. स्कूल प्रबंधन पर जमकर गुस्सा फूटा. परिजनों का कहना है कि स्कूल बस लंबे समय से खराब हालत में चलाई जा रही है. बस बार-बार खराब हो जाती है. अनेक बार ड्रायवर बदल दिए गये. चालक तेज रफ्तार में बस चलाता था. बच्चों की सुरक्षा को लेकर कोई सावधानी नहीं बरती जाती है.
कई जर्जर स्कूल वाहन दौड़ रहे सडक़ो पर
बस में सवार घायल छात्रा कोमल बेहद डर गई, उसने बताया कि वह कक्षा सातवीं की छात्रा है. घटना के समय एसडीएम कार्यालय के सामने डिवाइडर के कट से एक ट्रैक्टर सडक़ पर निकल रहा था, तभी बड़वेली की ओर से आ रही स्कूल बस लेट होने से तेज गति में थी बस चालक ने ब्रेक लगाया, लेकिन बस उससे टकरा गई. बस पहले से ही जर्जर हालत में है. कई बार इंजन गर्म होने पर चालक बस पर पानी डालकर चलाता था. एक बार तो बस से धुआं भी निकलने लगा था. जिससे बच्चे पहले से डरे हुए रहते थे.
जब तनावपूर्ण बना माहौल
घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों में काफी आक्रोश दिखाई दिया. काफी तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई, अधिकारयों एवं पुलिस ने मामले को जैसे-तैसे संभाला. परिजनों स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे. परिजनों का कहना था कि स्कूल वाले पुरानी और खराब बसों में बच्चों को ले जाते है. पुलिसकर्मी दुर्घटनाग्रस्त बस को सडक़ से हटाकर थाने ले जाने पहुंचे तो परिजनों ने उन्हें रोका. अधिकारियों ने परिजनों को समझाईश दी और कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद बस को जप्त कर थाने ले जाया गया. बस क्रमांक एमपी 13 जग 7375 को हिनोत्या गांव निवासी रतन सिंह द्वारा चलाना बताया जा रहा है. जबकि ट्रेक्टर घाटाखेड़ी निवासी ईश्वर चला रहा था. दोनों चालकों के मौके से फरार होने से लोगों में नाराजगी और बढ़ गई. एक घायल बच्चे की मां ने बताया कि उनके बेटे को भी चोट आई है, कहा कि बस के इंजन से कई बार धुआं निकल चुका है. इंजन गर्म होने पर चालक उस पर पानी डालकर बस चलाता था. कई बार स्कूल में शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.
स्कूल प्रबंधन ने कहा बस की फीटनेस पूर्ण
खिलचीपुर के छापीहेड़ा रोड स्थित सरदार पटेल एकेडमी स्कूल के प्रिंसिपल जितेंद्र गुप्ता के अनुसार घटना के समय बस में 35 से 40 बच्चे सवार थे. क्रॉसिंग के दौरान ट्रेक्टर से टक्कर होना बताया है. प्रिंसिपल का कहना है कि बस की फिटनेस पूरी है. सभी दस्तावेज स्कूल में उपलब्ध है, जबकि परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि बस की फिटनेस समाप्त हो चुकी है.
