पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस की दस्तक से हड़कंप, अस्पताल की दो नर्सें मिलीं संक्रमित; स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से की चर्चा

नई दिल्ली | 13 जनवरी, 2026: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में निपाह वायरस के दो पुख्ता मामले सामने आने के बाद देशभर के स्वास्थ्य महकमे में खलबली मच गई है। बारासात के एक ही अस्पताल में कार्यरत एक महिला और एक पुरुष नर्स इस खतरनाक वायरस की चपेट में आए हैं। कल्याणी एम्स भेजे गए सैंपल्स की शुरुआती रिपोर्ट में संक्रमण के संकेत मिलने के बाद राज्य सरकार ने तत्काल अलर्ट जारी कर दिया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से फोन पर बात कर हालात की समीक्षा की और केंद्र की ओर से हर संभव तकनीकी व चिकित्सा सहायता का आश्वासन दिया है।

स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, दोनों संक्रमित नर्सों को बारासात अस्पताल के विशेष आइसोलेशन वार्ड में जीवन रक्षक प्रणाली (लाइफ सपोर्ट) पर रखा गया है। महिला नर्स मूल रूप से पूर्व बर्धमान के कटवा की रहने वाली है, जिसकी तबीयत अपने गृहनगर से लौटने के बाद बिगड़ी थी। वहीं, दूसरा संक्रमित पुरुष नर्स नदिया जिले का निवासी है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम दोनों की स्थिति पर 24 घंटे निगरानी रख रही है। अस्पताल परिसर और संक्रमितों के संपर्क में आए अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है ताकि वायरस के प्रसार को समय रहते रोका जा सके।

निपाह के खतरे से निपटने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार ने दो आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 03323330180 और 9874708858 जारी किए हैं। इसके साथ ही, सरकारी और निजी अस्पतालों के लिए नई स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज बुखार, सिरदर्द और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सा सलाह लें। प्रभावित क्षेत्रों में विशेषज्ञों की टीम तैनात कर दी गई है और संदिग्ध मरीजों के रैंडम सैंपलिंग के निर्देश दिए गए हैं ताकि संक्रमण की चेन को तोड़ा जा सके।

Next Post

जिलेटिन फैक्ट्री का गंदा पानी नर्मदा में छोड़ रहे

Tue Jan 13 , 2026
जबलपुर: विगत कई दिनों से नर्मदा यात्रियों की सेवा में लगे बहुजन चेतना विकास मोर्चा के प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याल मेहरा ने भेड़ाघाट चौराहा के पास स्थित जिलेटिन फैक्ट्री से निकलने वाले गंदे नाले का निरीक्षण किया। उनका आरोप है कि फैक्ट्री में मरे हुए जानवरों की हड्डियों को जिलेटिन बनाने […]

You May Like