नकाबपोशों ने चौकीदारों पर किया हमला, वाहन में की तोडफ़ोड़

शुजालपुर। क्षेत्र के ग्राम रोसी में अज्ञात चार नकाबपोश लोगों ने जल संसाधन विभाग के दो चौकीदारों के साथ शुक्रवार की रात को मारपीट की, इन चौकीदारों की मदद के लिए पहुंचे विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के वाहन में भी तोडफोड की गई. घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई और कालापीपल थाने से आए पुलिस बल की मदद से जल संसाधन विभाग के उपयंत्री व अन्य कर्मचारी घटना स्थल से वापस आ सके. अज्ञात नकाबपोश चाहते थे कि सिलोदा तालाब का पानी जो नहर के माध्यम से विभिन्न गांवों में खेतों की सिंचाई के लिए जाता है वह आगे नहीं जाए.

तालाब की पाल पर स्लूस गेट विभाग द्वारा खुलवाए जाने पर रोसी गांव के कुछ लोग कई दिनों से विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को धमका रहे हंै, बताया जाता है कि इस मामले में जल संसाधन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने शुक्रवार की दोपहर को लिखित रूप से पुलिस थाना कालापीपल में सूचना भी दी थी तथा सूरक्षा की दृष्टि से बल मांगा था लेकिन उन्हे पुलिस से कोई मदद नहीं मिल सकी और चौकीदारों पर रात में हमला हो गया, जिसकी सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारियों को वरिष्ठ अधिकारियों का भी सहयोग नहीं मिल रहा है.

इस तरह हुई घटना…

जल संसाधन विभाग के चौकीदार दीपक पिता रमेश मेवाडा निवासी फ्रीगंज शुजालपुर मंडी ने कालापीपल थाने पर शिकायत करते हुए बताया कि वह तथा ऊंकार बागरी दोनों चौकीदार के पद पर पदस्थ हैं, 5 दिसंबर को सिलोदा तालाब की पाल पर रोसी गांव स्थित स्लूस गेट पर ड्यूटी दे रहे थे तभी रात लगभग 8 बजे 4 अज्ञात व्यक्ति मुह पर कपड़ा बांधकर आए और अश£ील गालियां देते हुए कहा कि नहर का स्लूस गेट खोलने से मना किया था फिर तुम लोगों ने नहर का स्लूस गेट क्यों खोला. नकाबपोशों ने दोनों चौकीदारों के साथ लकडी से मारपीट की और नहर का स्लूस गेट बंद कर दिया. चौकीदारों ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी फोन पर उपयंत्री बालकृष्ण श्रीवास्तव को दी तो श्रीवास्तव कुछ ही देर में वाहन क्रमांक एमपी 07 सीजी 2412 से स्टॉफ के साथ आ गए और तालाब के पास बोलेरों गाडी खडी कर चौकीदारों के पास पहुंचे तथा दोनों से जानकारी ली.

विभाग के वाहन को किया क्षतिग्रस्त…

जब सभी वापस बोलेरों वाहन के पास पहुंचे तो देखा कि अज्ञात व्यक्ति ने वाहन के आगे व पीछे के दोनों कांच फोड दिए तथा सामने का बम्पर भी क्षतिग्रस्त किया. इसके अलावा उन्होंने वाहन के पहिए से हवा भी निकाल दी, जिससे गाडी में लगभग 15 हजार का नुकसान हुआ. पुलिस कालापीपल ने शिकायत पर मारपीट, तोडफोड और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने का मामला दर्ज किया.

करीब डेढ़ घंटे तक भयभीत रहा स्टॉफ

सिलोदा तालाब का पानी नहर के माध्यम से कई किसानों के खेतों तक पहुंचता है, लेकिन रोसी गांव के कुछ अज्ञात व्यक्ति चाहते है कि पानी ज्यादा समय तक तालाब में बना रहे जिससे उन्हें व्यक्तिगत लाभ पहुंचे. जल संसाधन विभाग के लोगों को पाल का स्लूस गेट कई दिनों से खोलने नहीं दिया जा रहा है और खोलने पर धमकाया जाता है. इस संबंध में जमीनी अमले ने वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत कराया. लेकिन उनकी सुरक्षा के लिए कोई कार्य नहीं हुआ, जिसके परिणाम स्वरूप बीती रात उन पर हमला हो गया. अज्ञात नकाबपोशों के हमले के बाद चौकीदार काफी भयभीत हो गए और उनकी मदद के लिए पहुंचे उपयंत्री व अन्य स्टॉफ भी वाहन में तोडफोड के बाद डरा हुआ रहा. वे सभी तालाब की पाल से पुलिस के आने के बाद सुरक्षित रूप से बाहर आ सके.

Next Post

कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्र और वेयर हाउस का किया निरीक्षण

Sat Dec 6 , 2025
सतना। कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस ने शनिवार को अधिकारियों के साथ सतना जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर उपार्जन केन्द्र एवं वेयर हाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने सेवा समिति शिवराजपुर उपार्जन केन्द्र एवं सेवा समिति पनगरा के कतकोन में स्थित शिव बेयर हाउस का […]

You May Like