खटीमा/नैनीताल, 25 फरवरी (वार्ता) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को अपने गृहनगर खटीमा की धरती पर कहा कि उत्तराखंड देवभूमि और वीरभूमि के बाद अब खेल भूमि भी बन गयी है।
मुख्यमंत्री खटीमा नगर पालिका की नव निर्वाचित बोर्ड की ओर से थारू इंटर कालेज में आयोजित भव्य अभिनन्दन समारोह में बोल रहे थे।
उन्होंने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि अभिनंदन की प्रदेश की जनता है जिसने नगर निकाय चुनावों में भाजपा को भारी विजय दिलाई है। उन्होंने कहा कि अब ट्रिपल इंजन की सरकार में प्रदेश का तेजी से विकास होगा।
उन्होंने वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री रहते खटीमा में मिली हार पर कहा कि आज भी खटीमा उनके दिल में बसता है और वह खटीमा के चहुंमुखी विकास में कोई कमी नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि जीत-हार अलग बात है लेकिन खटीमा की जनता से अपनत्व कभी कम नहीं होगा और आप सभी मेरे परिवार हो और हमेशा रहोगे।
उन्होंने कहा कि खटीमा की यहां की जनता ने वर्ष 2012 में अपना प्रतिनिधि चुनकर पहली बार विधानसभा में भेजा। तब से लेकर अब तक मैंने सदैव खटीमा के विकास के बारे में ही सोचा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ये सोचते होंगे कि यहाँ से एक बार पराजित होने के बाद मैं यहाँ के लोगों से नाराज़ होउंगा या मैं यहाँ के लोगों को भूल जाऊँगा। ऐसा कतई नहीं है। परंतु मैं, आज आप सभी से ये कहना चाहता हूं कि चुनावी राजनीति में जीत-हार लगी रहती है पर आपके और मेरे बीच जो आपसी प्रेम और अपनत्व की भावना है, वो कभी नहीं बदल सकती। श्री धामी ने कहा कि आप लोग कल भी मेरे लिए मेरे परिवार की तरह थे, आज भी हैं, और कल भी रहेंगे।
श्री धामी ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में नया बस स्टैंड, नई सड़कें और नये पुल, अस्पताल का नया परिसर, सैनिकों के लिए कैंटीन, केन्द्रीय विद्यालय का संचालन, आधुनिक एकलव्य विद्यालय, स्कूल, आईटीआई और पॉलीटैक्निक कॉलेजों हेतु नए भवनों का निर्माण, 16 करोड़ रुपए की लागत से चकरपुर खेल स्टेडियम का निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
मुख्यमंत्री ने जिला विकास प्राधिकरण अवस्थापना निधि से 337.17 लाख के तीन कार्यों का शिलान्यास भी किया। कल्याणपुर-रुद्रपुर क्षेत्र में पाथ-वे का निर्माण, कल्याणपुर-रुद्रपुर क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट और कलेक्ट्रेट परिसर में पार्किंग निर्माण शामिल है।
