
जबलपुर। संस्कारधानी और न्यायिक राजधानी जबलपुर से जुड़े जस्टिस सुजय पॉल को कोलकाता उच्च न्यायालय का नया चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया है। उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने उनकी नियुक्ति को लेकर आदेश भी जारी कर दिया है। बता दें कि वर्तमान में जस्टिस सुजय पॉल कोलकाता उच्च न्यायालय में वरिष्ठ जज के रूप में पदस्थ थे और अब वे वहां की न्यायिक कमान संभालेंगे। जस्टिस पॉल का न्यायिक सफर बेहद प्रेरणादायक माना जाता है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जबलपुर में वकालत के साथ की थी। कड़ी मेहनत, गहन कानूनी समझ और निष्पक्ष छवि के चलते वे जल्द ही न्यायिक जगत में पहचाने जाने लगे। मप्र उच्च न्यायालय जबलपुर में उनकी वकालत के दौरान कई अहम और संवेदनशील मामलों में उनकी दलीलें चर्चा का विषय बनीं। जस्टिस पॉल के कोलकाता के चीफ जस्टिस बनने पर जबलपुर के वकीलों, न्यायिक अधिकारियों और आम नागरिकों में इस खबर को लेकर खुशी की लहर है। इनका कहना है कि श्री पॉल का यह सफर युवाओं के लिए एक बार फिर नई प्रेरणा बनेगा कि कैसे समर्पण और ईमानदारी से न्यायिक व्यवस्था में सर्वोच्च मुकाम हासिल किया जा सकता है।
इस प्रकार रहा सफर….
जबलपुर में वकालत करने के दौरान उन्हें मप्र उच्च न्यायालय का जज नियुक्त किया गया। जज के रूप में उनके कई फैसलों को लॉ स्टूडेंट्स और अधिवक्ताओं के लिए मिसाल माना जाता है। प्रशासनिक मामलों से लेकर संवैधानिक मुद्दों तक, उनके निर्णयों में संतुलन और संवेदनशीलता स्पष्ट नजर आई बाद में उनका ट्रांसफर कोलकाता उच्च न्यायालय में कर दिया गया। वहां उन्होंने सीनियर जज के रूप में अपनी एक खास और मजबूत छाप छोड़ी। अब चीफ जस्टिस के रूप में उनकी नियुक्ति से कोलकाता उच्च न्यायालय को एक अनुभवी, सख्त लेकिन न्यायप्रिय नेतृत्व मिलने जा रहा है।
