ग्रेटर नोएडा में ‘विकसित भारत के लिए विकसित हॉस्पिटैलिटी’ थीम पर होगा मिनी मैराथन

ग्रेटर नोएडा, 12 जनवरी (वार्ता) देश के आर्थिक विकास में आतिथ्य क्षेत्र के योगदान और इस उद्योग में करियर के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए ग्रेटर नोएडा में ‘विकसित भारत के लिए विकसित हॉस्पिटैलिटी’ थीम पर एक फरवरी को मिनी मैराथन का आयोजन किया जायेगा। यह आयोजन एफएचआरएआई-इंस्टीट्यूट ऑफ हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट (एफएचआरएआई-आईएचएम), होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ नॉर्दर्न इंडिया (एचआरएएनआई) और नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी (एनसीएचएमसीटी) के सहयोग से किया जा रहा है। एफएचआरएआई-आईएचएम मिनी मैराथन का यह पहला संस्करण होगा। होटल एवं रेस्त्रां के भारतीय संघों के फेडरेशन (एफएचआरएआई) ने सोमवार को बताया कि भारत का पर्यटन एवं आतिथ्य उद्योग देश के आर्थिक विकास के प्रमुख स्तंभों में से एक है। यह सकल घरेलू उत्पाद में योगदान, विदेशी मुद्रा अर्जन और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन में अहम भूमिका निभाता है। बीते दो-तीन वर्षों में टियर-3 और टियर-4 शहरों में तेज विस्तार के बावजूद, यह उद्योग प्रशिक्षित कर्मचारियों की भारी कमी का सामना कर रहा है।

मिनी मैराथन में चार श्रेणियां होंगी, जो सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए उपयुक्त हैं। इनमें 10 किमी चिप-टाइमिंग रन, पांच किमी और तीन किमी चिप-टाइमिंग रन/वॉक, तथा तीन किमी स्टूडेंट फन रन/वॉक शामिल हैं। यह आयोजन एफएचआरएआई-आईएचएम के नॉलेज पार्क-3 स्थित परिसर में सुबह छह बजे से शुरू होगा। छात्रों, उद्योग के पेशेवरों, धावकों और परिवारों के साथ इस आयोजन का मकसद एक जोशीला माहौल बनाना है जो आतिथ्य उद्योग और आम जनता को एक साथ लाये।
मैराथन मार्ग पर विभिन्न शेफ द्वारा प्रस्तुत किये जाने वाले खास व्यंजनों के साथ एक अनूठा अनुभव भी प्रतिभागियों को मिलेगा। लाइव म्यूज़िक सेशन, फिटनेस वर्कशॉप्स, ज़ुम्बा और भांगड़ा प्रस्तुतियां भी होंगी। इसमें पूरी तरह इको-फ्रेंडली रेस किट्स, री-यूजेबल हाइड्रेशन स्टेशन और फूड वेस्ट को कम करने की पहल की जा रही है।

एफएचआरएआई के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार जायसवाल ने कहा, “हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में देश के आर्थिक भविष्य को बदलने की शक्ति है। जैसे-जैसे देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, यह उद्योग न केवल रोजगार पैदा करने में, बल्कि देश की वैश्विक छवि को आकार देने में भी एक अहम भूमिका निभायेगा। इस मिनी मैराथन के ज़रिये, हम चाहते हैं कि युवा प्रेरित महसूस करें, आतिथ्य को एक सार्थक और फायदेमंद करियर के रूप में देखें, और समझें कि वे इस सेक्टर के भविष्य के नेतृत्वकर्ता के तौर पर क्या प्रभाव डाल सकते हैं।”

Next Post

शुरुआती गिरावट के बाद दिग्गज कंपनियों में लिवाली, सेंसेक्स में 1,100 अंक का उतार-चढ़ाव

Mon Jan 12 , 2026
मुंबई, 12 जनवरी (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को बड़ा उतार-चढ़ाव देखा गया और शुरुआती गिरावट के बाद प्रमुख सूचकांक हरे निशान में बंद हुए। बीएसई के 30 शेयरों वाले संवेदी सूचकांक सेंसेक्स में दिन के दौरान 1,101 अंक का उतार-चढ़ाव देखा गया। सुबह के कारोबार में यह नीचे […]

You May Like