तिरुवनंतपुरम | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने केरल दौरे के दौरान आज राज्य की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए तीन नई ‘अमृत भारत’ ट्रेनों और एक पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन ट्रेनों में नागरकोइल–मंगलुरु, तिरुवनंतपुरम–तांबरम और तिरुवनंतपुरम–चार्लापल्ली रूट शामिल हैं। इसके साथ ही त्रिशूर और गुरुवयूर के बीच नई यात्री सेवा भी शुरू की गई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के इन प्रयासों से केरल में रेल कनेक्टिविटी न केवल मजबूत होगी, बल्कि आम यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं भी मिल सकेंगी।
विकास कार्यों की सौगात देने के साथ ही पीएम मोदी ने ‘पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड’ योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने गौरव से कहा कि अब क्रेडिट कार्ड केवल अमीरों की पहचान नहीं रहेगा, बल्कि देश के रेहड़ी-पटरी और फुटपाथ पर काम करने वाले छोटे दुकानदार भी इसका लाभ उठा सकेंगे। इस योजना का उद्देश्य उन साथियों को वित्तीय मदद प्रदान करना है जो बैंकिंग सेवाओं से दूर थे। प्रधानमंत्री ने तिरुवनंतपुरम में ‘इनोवेशन और एंटरप्रेन्योरशिप हब’ का शिलान्यास भी किया, जो युवाओं के लिए स्टार्टअप के नए द्वार खोलेगा।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि केरल की धरती से शुरू हुई यह पहल देशभर के ‘रेहड़ी-ठेले’ वाले साथियों के जीवन में बड़ा बदलाव लाएगी। उन्होंने कहा कि तिरुवनंतपुरम अब देश के एक बड़े स्टार्टअप हब के रूप में उभरेगा। रेल परियोजनाओं के विस्तार और स्टार्टअप हब की स्थापना से राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। पीएम मोदी के अनुसार, उनकी सरकार का लक्ष्य बुनियादी ढांचे का विकास और गरीब तबके का सशक्तिकरण एक साथ करना है, जिससे समाज के हर वर्ग को प्रगति का लाभ मिल सके।

