
देवास। शहर के राम नगर चौराहे पर बिना लाइसेंस और बिना अनुमति के संचालित हो रहे ओरेकल CBCT सेंटर पर गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की।
सूचना मिलने पर विभाग की टीम अचानक मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। निरीक्षण के दौरान संचालक द्वारा कोई वैध दस्तावेज, अनुमति पत्र या पंजीयन प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सेंटर में हो रही जांच प्रक्रिया, मशीनों और रिपोर्टिंग व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। दस्तावेज़ों की जांच में गड़बड़ी सामने आने पर टीम ने तत्काल सेंटर को बंद करने के निर्देश जारी किए।
टीम ने स्पष्ट कहा कि बिना अनुमति या रजिस्ट्रेशन के किसी भी प्रकार का डायग्नोस्टिक सेंटर संचालित करना मेडिकल एक्ट का उल्लंघन है।
विभाग ने चेतावनी दी कि शहर में बिना अनुमति चल रहे अन्य सेंटरों पर भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद देवास के निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों में हड़कंप मच गया है। कई संचालकों ने अपने दस्तावेज़ों की जांच शुरू कर दी है।
