
छतरपुर। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटा में एक युवक की बीती रात गोली मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान संतोष पटेल के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल छतरपुर भेजा गया, जहां मंगलवार 30 दिसंबर को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने संतोष पटेल पर गोली चलाकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, साथ ही आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
