भोपाल। ईंटखेड़ी थाना इलाके में एक किसान की खेत में खड़ी फसल को तीन लोगों ने काटकर नष्ट कर दिया. किसान का आरोप है कि पुराने विवाद के चलते आरोपियों ने ऐसा किया है. बदला लेने की भावना से आरोपियों ने किसान को मारने की धमकी भी दी है. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक इलाके के परवलिया सानी में रहने वाले पीड़ित किसान ओम बाबू जैन के साथ घटना हुई. पीड़ित ने पुलिस को बताया कि एक महिला आरोपी जूनाबाई के साथ प्रकाश और राजा राजपूत ने पुराने विवाद को लेकर उनके खेत में खड़ी फसल को काट कर नष्ट कर दिया. तीनों आरोपियों की इस करतूत का जब ओम बाबू को पता चला तो उन्होंने विरोध किया. इस दौरान सभी आरोपियों ने पीड़ित के साथ गाली गलौच करते हुए उन्हें मारने की धमकी भी दी. पीड़ित ने परेशान होकर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. ईंटखेड़ी थाना पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए प्रकरण दर्ज कर लिया है. सभी आरोपी मौके से फरार हो गए हैं. आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम जुटी है.
