महिला एसआर्ई को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर धरना

सीहोर। बीते दिनों महिला एसआई ने थार वाहन से बाइक सवार दो लोगों को टक्कर के बाद हुई मौत के मामले में शुक्रवार को मृतक के परिजन रातीबढ़ से एसपी कार्यालय पहुंचे और हाथों में तख्तियां लेकर धरना दिया. इस बीच मृतक के भाई और कोतवाली टीआई रविंद्र यादव की पुलिस द्वारा समय पर कार्यवाही नहीं किए जाने को लेकर तीखी बहस भी हो गई.

एएसपी सुनिता रावत ने पीडि़त परिजनों को समझाईश देने की कोशिश की, लेकिन परिजन कुछ भी सुनने को तैयार नहीं हुए. वे महिला एसआई को गिरफ्तार और कांस्टेबल केके यादव को निलंबित करने की मांग कर रहे थे. धरने में महिलाएं भी शामिल रही. परिजनों का आरोप था कि हादसे के दौरान मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने घायलों की मदद करने की बजाय महिला एसआई को दूसरी गाड़ी में बिठाकर घटना स्थल से दूर छोड़कर आए. मामले में अब तक महिला एसआई को गिरफ्तार नहीं किया गया है. इस दौरान वे करीब 45 मिनट तक धरने पर बैठे रहे. इसके बाद एसपी दीपक कुमार शुक्ला बाहर आए और परिजनों की बात सुनी. इस दौरान किसी को भी वीडियो बनाने से रोक दिया गया. इस बीच एक बार फिर पुलिस व परिजनों में जमकर कहासुनी हुई. एसपी ने परिजनों को वैधानिक कार्यवाही का आश्वासन दिया.

गौरतलब है कि आष्टा थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर किरण राजपूत वाहन से बिलकिसगंज की ओर जा रही थीं. जोड़ के पास अचानक उनका वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. वहीं सड़क किनारे कंबल बेच रहे दो लोगों को भी चपेट में ले लिया. बाइक सवार रातीबड़ निवासी विजय शर्मा और उनके भाई हृदेश शर्मा के अलावा कंबल बेच रहे वकील व लखन गंभीर रूप से घायल हो गए थे.हादसे में विजय शर्मा की मौत हो गई थी. वहीं हृदेश शर्मा का इलाज चल रहा है. हालांकि मामले में पुलिस ने कार्यवाही करते हुए महिला एसआई के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर वाहन जब्त कर लिया था. वहीं एसपी ने महिला एसआई को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए थे.

पुलिस पर महिला एसआई को बचाने का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस महिला एसआई को बचाने का प्रयास कर रही है। जबकि वीडियो सोशल मीडिया पर भी आया है, तब भी पुलिस द्वारा हिट एंड रन की धाराओं में एफआईआर दर्ज नहीं की. पीडि़त परिवार ने तथ्यों के आधार पर महिला एसआई पर हिट एंड रन की धारा जोड़कर गिरफ्तार करने और घटना स्थल पर उपस्थित पुलिसकर्मियों के विरूद्ध कानूनी कार्यवाही की मांग की. प्रदर्शन में राजा राम शर्मा, सीमा शर्मा, धर्मेद्र शर्मा, रुद्र शर्मा, रोहित शर्मा व अन्य परिजन शामिल रहे.

अब होगा प्रकरण दर्ज

मामले में वैधानिक कार्यवाही पूरी हो चुकी है और महिला एसआई को सस्पेंड कर दिया था और वर्तमान में भी निलंबित हैं। इसके अलावा मृत्तकों के परिजनों ने जो आवेदन में कार्यवाही के लिए बिंदु सुझाएं हैं, उसका परीक्षण करेंगे और वैधानिक कार्यवाही की जाएगी.

दीपक कुमार शुक्ला
पुलिस अधीक्षक सीहोर

Next Post

कांग्रेसी पार्षद ने की निगम प्रशासन की सराहना

Sat Jan 10 , 2026
जबलपुर: शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था को लेकर भोंगाद्वार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से एक बेहद सकारात्मक तस्वीर सामने आई है। कांग्रेस पार्षद वकील अंसारी ने देर रात प्लांट का औचक निरीक्षण किया, जिसके बाद उन्होंने यहाँ की शुद्धता और स्वच्छता को दक्षिण भारत के बड़े शहरों से भी बेहतर बताया […]

You May Like