जबलपुर: शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था को लेकर भोंगाद्वार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से एक बेहद सकारात्मक तस्वीर सामने आई है। कांग्रेस पार्षद वकील अंसारी ने देर रात प्लांट का औचक निरीक्षण किया, जिसके बाद उन्होंने यहाँ की शुद्धता और स्वच्छता को दक्षिण भारत के बड़े शहरों से भी बेहतर बताया है। निरीक्षण के दौरान पार्षद अंसारी ने प्लांट के चप्पे-चप्पे का जायजा लिया। उन्होंने न केवल परिसर की सफाई की सराहना की, बल्कि स्वयं प्लांट का पानी पीकर उसकी गुणवत्ता की पुष्टि की। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जबलपुर नगर निगम प्रशासन द्वारा जल शोधन के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर जताया भरोसा
पार्षद वकील अंसारी ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर निगम प्रशासन की बेहतर कार्यप्रणाली की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और भोंगाद्वार प्लांट इस कसौटी पर खरा उतर रहा है।
