
ग्वालियर। उपनगर ग्वालियर में स्थापित सिविल अस्पताल हजीरा ने सेवा, समर्पण और सतत प्रयासों की शानदार मिसाल बनते हुए एक नहीं, दो-दो गौरवशाली उपलब्धियाँ अपने नाम की हैं। इस अस्पताल ने भारत सरकार द्वारा विकसित कायाकल्प मापदण्ड अनुरुप उत्कृष्ट कार्य कर कायाकल्प फाइनल मूल्यांकन में 94.43 फीसदी अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम पुरुस्कार प्राप्त किया है। सिविल अस्पताल हजीरा द्वारा कायाकल्प मापदण्ड के अंतर्गत द्वारा किये गये कार्यों से उच्च स्तर की गुणवत्ता पूर्ण संक्रमण रहित स्वास्थ्य सेवायें विकसित की हैं। इस अस्पताल में किये जा रहे उत्कृष्ट कार्य से आम जनमानस में भी स्वास्थ्य संस्था के प्रति विश्वास सुदृढ़ हुआ है। इस उपलब्धि के साथ ही सिविल अस्पताल हजीरा ने “बेस्ट ईको-फ्रेंडली चिकित्सालय पुरस्कार 2023-24” प्राप्त कर ग्वालियरवासियों को गर्व का अवसर प्रदान किया है।
सिविल अस्पताल हजीरा को मिली इस सफलता पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि यह ग्वालियर के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव , केन्द्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल तथा पार्टी के वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन से यह उपलब्धि संभव हो सकी।
