नयी दिल्ली, 13 मार्च (वार्ता) गुडाकेश मोती पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल ) से अपना नाम वापस ले सकते हैं, उन्हें लाहौर कलंदर्स ने अपने दल में शामिल किया था। भारत से घर वापस लौटने के तुरंत बाद वेस्टइंडीज़ के बाएं हाथ के स्पिनर द्वारा लीग से बाहर होने का निर्णय सामने आया है। 1 मार्च को वेस्टइंडीज के विश्व कप से बाहर होने के बाद पूरी टीम पश्चिम एशिया में एयरस्पेस बंद होने के चलते कोलकाता में फंसी हुई थी।
ईएसपीएन क्रिकइंफो को पता चला है कि लाहौर कलंदर्स मोती की जगह उनके जैसा ही विकल्प तलाश चुके हैं और वह श्रीलंकाई स्पिनर दुनित वेल्लालगे को अपने साथ जोड़ सकते हैं। श्रीलंकाई स्पिनर ने विश्व कप में गेंद के साथ अच्छा प्रदर्शन किया था और उन्होंने 7.22 की इकॉनमी से आठ विकेट हासिल किए थे। वेल्लालगे निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाज़ी करने में भी सक्षम हैं।
इस समय ऐसे कोई संकेत नहीं मिले हैं जिससे यह पता चलता हो कि विश्व कप के बाद यात्रा संबंधी अव्यवस्था के चलते पीएसएल में वेस्टइंडीज़ की उपलब्धता प्रभावित होती हो। विश्व कप दल से केवल मोती ही वेस्टइंडीज़ के ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें पीएसएल के लिए साइन किया गया है। दक्षिण अफ़्रीका के खिलाड़ी भी सप्ताहांत तक स्वदेश नहीं लौट पाए थे लेकिन पीएसएल में दक्षिण अफ़्रीका के दल से कोई भी खिलाड़ी नहीं है।
लाहौर कलंदर्स इस समय गतविजेता है और उन्होंने पिछले चार में से तीन ख़िताब अपने नाम किए हैं। इनमें पिछले साल गद्दाफ़ी स्टेडियम में खेला गया रोचक फ़ाइनल भी शामिल है। अगर वेल्लालगे के जुड़ने की पुष्टि हो जाती है तो वह अपने टी20 कप्तान दासुन शनाका के दल में शामिल होंगे, जिन्हें नीलामी में कलंदर्स ने खरीदा था।
पीएसएल 26 मार्च से शुरू होगा जिसमें पहला मुक़ाबला कलंदर्स और नई फ़्रैंचाइज़ी हैदराबाद किंग्समेन के बीच होगा।
