मुल्लांपुर, 29 अप्रैल (वार्ता) राजस्थान रॉयल्स ने मुल्लांपुर में टाटा आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स की जीत का सिलसिला तोड़ते हुए छह विकेट से जीत दर्ज की। ‘जियो स्टार’ के एक्सपर्ट चेतेश्वर पुजारा और मिशेल मैकक्लेनेघन ने ‘निडर युवा खिलाड़ी’ वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल के खेलने के तरीके के असर का विश्लेषण किया। पुजारा ने वैभव सूर्यवंशी के निडर अंदाज़ की जमकर तारीफ़ करते हुए कहा, “वैभव सूर्यवंशी को बैटिंग करते देखना बिल्कुल सिनेमा जैसा है। जिस तरह वह हर गेंदबाज़ का सामना निडर होकर करते हैं, वह कमाल का है। वह बस गेंद को देखते हैं और उसे हिट करने के लिए खुद पर भरोसा रखते हैं। सबसे खास बात यह है कि जब विरोधी टीम को पता होता है कि वह हमला करने वाले हैं, तब भी उन्हें रोकना मुश्किल होता है। उनकी यह निरंतरता, और पावरप्ले में उनका निडर
इरादा ही उनकी टीम को निर्णायक बढ़त दिलाता है और ऐसे मैचों का नतीजा तय करता है।” मिशेल मैकक्लेनेघन ने रन चेज़ के दौरान यशस्वी जायसवाल की भूमिका पर रोशनी डाली और कहा, “यशस्वी अपनी कम उम्र के हिसाब से बहुत ज़्यादा समझदारी दिखा रहे हैं। वह उस पार्टनरशिप में एक अनुभवी बल्लेबाज़ की तरह खेल रहे हैं, यह समझते हुए कि कब पीछे हटना है और वैभव सूर्यवंशी को अपना स्वाभाविक आक्रामक खेल खेलने देना है। जो बात सबसे ज़्यादा उभरकर सामने आती है, वह है उनका परिस्थितियों के हिसाब से ढलना। जब भी हालात की मांग होती है, वह अपनी गति बदलते हैं और पारी की कमान संभाल लेते हैं। इससे दोनों के बीच एक बेहतरीन संतुलन बनता है, लगभग एक ‘यिन-यांग’ जैसा मेल, और टॉप ऑर्डर की यह केमिस्ट्री राजस्थान रॉयल्स के लिए बहुत बढ़िया काम कर रही है।”

