
शाजापुर। भैरव डूंगरी के समीप 58 करोड़ की लागत से बने सरदार वल्लभभाई पटेल संदीपनि उमावि शाजापुर के नवीन भवन का शुभारंभ गुरुवार को मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, सांसद महेंद्र सोलंकी एवं विधायक अरुण भीमावद ने फीता खोल कर किया. इसके साथ ही यहां प्रवेशोत्सव का भी आयोजन किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
मंत्री का स्वागत विद्यार्थियों ने बैंड एवं पुष्प वर्षा से किया. इसके बाद उन्होंने मुख्य प्रवेश द्वार पर फीता खोलकर नवीन भवन का उद्घाटन किया. मंत्री ने अरुण एवं उदय कक्षाओं का निरीक्षण किया. जहां बच्चों ने अपने हाथों से बनाए पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया. बच्चों की प्रतिभा और उत्साह को देखकर मंत्री ने उनकी सराहना की. कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने मां सरस्वती एवं सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शुभारंभ किया और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी स्वयं की शिक्षा भी शासकीय विद्यालय में हुई है. उन्होंने नई शिक्षा नीति को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है.
विधायक ने सौंपा मांग पत्र
इस अवसर पर शाजापुर विधायक अरुण भीमावद ने विभिन्न विद्यालयों के विकास हेतु मांग पत्र सौंपा. मंत्री ने नवीन विद्यालय के लिए पानी की टंकी निर्माण, बहुउद्देशीय हॉल के आधुनिकीकरण, सरदार वल्लभभाई पटेल की 25 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापना, कक्षाओं के लिए शेष फर्नीचर उपलब्ध कराने सहित अन्य स्कूलों के विकास हेतु करोड़ों रुपए के कार्यों की घोषणा की.
इनकी रही मौजूदगी…
कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने की. विशेष अतिथि के रूप में विधायक अरुण भीमावद उपस्थित थे. सह विशेष अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष रवि पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिंह सिसोदिया, जिला महामंत्री विजय बेस, जिला उपाध्यक्ष शीतल भावसार, जिला महामंत्री रायसिंह मालवीय, नपा उपाध्यक्ष पंडित संतोष जोशी, भाजपा नगर अध्यक्ष पं. आशीष नागर सहित अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे. संचालन गौरव सोनी ने किया. आभार प्राचार्य श्रीमती सविता सोनी ने माना.
