
सीधी। जिले के जनपद पंचायत सिहावल अंतर्गत तहसील बहरी मुख्यालय स्थित हायर सेकेंड्री स्कूल बहरी में संकल्प से समाधान अभियान के तहत हितलाभ वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करते हुए उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद डॉ.राजेश मिश्रा ने कहा कि संकल्प से समाधान अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है ताकि कोई भी पात्र हितग्राही वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल योजनाएं बनाना नहीं बल्कि उन्हें प्रभावी रूप से धरातल पर लागू कर प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं जिससे लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है और शासन के प्रति विश्वास मजबूत हो रहा है। सांसद ने विद्युत विभाग को क्षेत्र की बिजली समस्याओं का मौके पर निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने, हैण्डपंप एवं नल-जल योजनाओं की स्थिति सुधारने पर जोर दिया। विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक ने कहा कि संकल्प से समाधान अभियान के माध्यम से गांव-गांव तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है और प्रशासन स्वयं लोगों के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को आसानी से योजनाओं का लाभ मिल रहा है, जिससे उनका जीवन स्तर सुधर रहा है। कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि अंत्योदय की भावना के अनुरूप शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संकल्प से समाधान शिविर केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है।
००
इन हितग्राहियों को हुआ हितलाभ वितरण
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र की मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत शुभम गुप्ता को 9 लाख एवं सुशीला गुप्ता को 15 लाख रुपए, एमपीजीबी बहरी द्वारा मुद्रा लोन अंतर्गत संतोष जायसवाल को 5 लाख एवं उमेश सिंह बघेल को 2 लाख रुपए के स्वीकृत पत्र प्रदान किए गए। सहकारिता विभाग द्वारा अरुण जायसवाल, धीरेन्द्र सिंह एवं जमुना सिंह को 2-2 लाख रुपए का ऋण प्रदान किया गया। म.प्र. डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत ज्योति स्व सहायता समूह को 3 लाख, शिव महिला एवं पूजा स्व सहायता समूह को 2-2 लाख तथा दरी बुनाई समूह को 1.50 लाख रुपए का लाभ दिया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, लाडली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही जाति प्रमाण पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान कार्ड, अनुग्रह सहायता राशि, मृदा हेल्थ कार्ड एवं विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए गए।
