भोपाल, 15 अप्रैल (वार्ता) मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने मुरैना जिले में डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती पर जुलूस के दौरान हिंसा की घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
श्री सिंघार ने सोशल मीडिया एक्स के जरिए कहा, “ग्राम हिंगोना खुर्द, मुरैना में अम्बेडकर जयंती की शोभा यात्रा पर हमला और हत्या जैसी घटना न केवल निंदनीय है, बल्कि यह सामाजिक समरसता पर सीधा प्रहार है। इस तरह की घटनाएं जातिगत विद्वेष फैलाने का कार्य करती हैं और समाज को बांटने की कोशिश हैं। प्रशासन को चाहिए कि वह तत्काल सख्त और निष्पक्ष कार्यवाही करे। दोषियों को गिरफ्तार कर यह स्पष्ट संदेश दिया जाए कि ऐसी मानसिकता और कृत्य को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही या लीपापोती को रोकने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं निगरानी करनी चाहिए और पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाना चाहिए।”
