
नवभारत न्यूज
इंदौर। शहर की अवैध कॉलोनियों में कॉलोनाइजर द्वारा बेचे गए प्लॉटों की रजिस्ट्री को अब प्रशासन शून्य कराएगा । कॉलोनाइजरों को प्लॉट धारकों की राशि भी वापस करना होगी। आज कलेक्टर ने कॉलोनी सेल को उपरोक्त मामले में कारवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अवैध कॉलोनी मामले को लेकर कोर्ट में प्रकरण लगाने की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए है।
आज कलेक्टर आशीष सिंह समय सीमा निराकरण (टीएल) बैठक में कॉलोनी सेल विभाग के अधिकारियों को अवैध कॉलोनियों में रजिस्ट्री शून्य करवाने के कारवाई करने के निर्देश दिए । सिंह ने कहा कि अवैध कॉलोनियों से अनियोजित विकास होता है। अवैध कॉलोनियां शहर के लिए घातक है।
इंदौर में अभियान चलाकर अवैध कॉलोनाईजरों के विरूद्ध कई तरह की कार्रवाई की जा रही है। करीब 60 अवैध कॉलोनी कटने वाले कॉलोनाइजरों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई गई है। अब शहर में अवैध कॉलोनियों में बेचे गए अवैध प्लॉटों की रजिस्ट्री को शून्य करने की कार्यवाई शुरू की जा रही है। साथ ही आदेश दिए कि कॉलोनाइजरों को प्लॉट धारकों से ली गई राशि भी वापस करना होगी।
कलेक्टर ने कॉलोनी सेल को निर्देश दिए कि वे जिन कॉलोनियों के संबंध में एफआईआर दर्ज करवाई गई है तथा प्रकरण कोर्ट में चल रहे है। कॉलोनी अवैध घोषित की गई है, उन कालोनियों के मामले में रजिस्ट्री शून्य करने की प्रक्रिया तुरंत शुरू करे। उपरोक्त अवैध कॉलोनियों के मामले में कोर्ट में आवेदन लगाकर प्रकरण में कारवाई शुरू करें।
यह थे मौजूद
बैठक में जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन, आईडीए सीईओ आर.पी. अहिरवार, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य, राजेन्द्र रघुवंशी तथा निशा डामोर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
