पश्चिम एशिया में चल रहा ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच युद्ध अब खतरनाक मोड़ पर पहुंच चुका है. इस संघर्ष को 12 दिन बीत चुके हैं और पूरी दुनिया अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है. किसी को यह नहीं पता कि यह युद्ध कब तक चलेगा और इसका अंतिम परिणाम क्या होगा. लेकिन इतना तय है कि इसका प्रभाव केवल युद्ध क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरी वैश्विक अर्थव्यवस्था को प्रभावित करेगा. सबसे ज्यादा असर ऊर्जा बाजार पर दिखाई दे रहा है. पश्चिम एशिया दुनिया के सबसे बड़े तेल उत्पादक क्षेत्रों में से एक है. जब भी इस क्षेत्र में युद्ध या अस्थिरता पैदा होती है, तो उसका सीधा असर पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों और आपूर्ति पर पड़ता है. यही कारण है कि इस युद्ध के चलते वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखी जा रही है. पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस को लेकर चिंता का माहौल बनना स्वाभाविक है.
भारत जैसे ऊर्जा आयात पर निर्भर देश के लिए यह स्थिति चुनौतीपूर्ण हो सकती है. भारत अपनी जरूरत का लगभग 80 प्रतिशत कच्चा तेल आयात करता है और उसका बड़ा हिस्सा पश्चिम एशिया से आता है. ऐसे में वहां का कोई भी सैन्य संघर्ष भारत की ऊर्जा सुरक्षा को प्रभावित कर सकता है. हालांकि केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश के पास पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है. सरकार के अनुसार भारत के पास लगभग 50 दिनों तक की जरूरत पूरी करने लायक तेल का स्टॉक उपलब्ध है.यह भरोसा देने वाली बात है कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आपूर्ति को बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठा रही है. लेकिन एलपीजी गैस की स्थिति कुछ अलग है. पेट्रोल और डीजल की तरह एलपीजी को बड़े पैमाने पर लंबे समय तक स्टॉक करके रखना संभव नहीं होता. इसी कारण घरेलू और कमर्शियल गैस की आपूर्ति में कुछ स्थानों पर दबाव महसूस किया जा सकता है.ऐसे समय में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका जनता की होती है. संकट के दौर में अक्सर अफवाहें तेजी से फैलती हैं. बाजार में घबराहट बढ़ती है और लोग जरूरत से ज्यादा सामान जमा करने लगते हैं. यही स्थिति कालाबाजारी को भी जन्म देती है. यदि लोग घबराकर अनावश्यक खरीदारी शुरू कर दें, तो कृत्रिम संकट पैदा हो सकता है, जिसका सबसे ज्यादा नुकसान आम उपभोक्ताओं को ही उठाना पड़ता है.
इसलिए आवश्यक है कि जनता संयम और समझदारी से काम ले. सरकार द्वारा दी जा रही जानकारी और आधिकारिक घोषणाओं पर भरोसा करना चाहिए. यदि प्रत्येक नागरिक अपनी जरूरत के अनुसार ही ईंधन और गैस का उपयोग करे, तो आपूर्ति व्यवस्था को संतुलित बनाए रखना संभव होगा.
भारत ने पहले भी कई वैश्विक संकटों का सामना धैर्य और सामूहिक जिम्मेदारी के साथ किया है. चाहे कोविड महामारी का दौर रहा हो या वैश्विक आर्थिक अस्थिरता का समय, देश ने संयम और सहयोग के बल पर चुनौतियों को पार किया है. वर्तमान स्थिति भी उसी प्रकार की परीक्षा है.सरकार अपनी ओर से आपूर्ति व्यवस्था को बनाए रखने और संकट से निपटने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है. ऐसे में समाज के हर वर्ग का दायित्व बनता है कि वह अफवाहों से दूर रहे, कालाबाजारी को बढ़ावा न दे और संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करे.
किसी भी राष्ट्रीय संकट में घबराहट नहीं, बल्कि संयम ही सबसे बड़ी ताकत होती है. यदि देश की जनता धैर्य और सहयोग का परिचय दे, तो कोई भी वैश्विक संकट भारत की स्थिरता और व्यवस्था को डगमगा नहीं सकता.
