रायपुर, 28 मार्च (वार्ता) वेटलिफ्टर निकिता ने शनिवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ को प्रतियोगिता का पहला स्वर्ण पदक दिलाया, जबकि ओडिशा की महिला तैराकों ने तैराकी स्पर्धाओं में तीनों स्वर्ण पदकों पर कब्जा जमाते हुए चौथे दिन खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में अपना दबदबा कायम रखा।
आज यहां महिलाओं के 77 किलोग्राम वर्ग में निकिता ने दमदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता और मेजबान छत्तीसगढ़ के लंबे इंतजार को खत्म किया। दिन के अंतिम मुकाबले में आई यह जीत राज्य के लिए खास रही। तैराकी में ओडिशा की श्रेष्ठता साफ नजर आई। रितिका मिंज ने 100 मीटर फ्रीस्टाइल में स्वर्ण पदक जीता, जबकि अंजलि मुंडा ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक में बाजी मारी। इसके बाद ओडिशा की टीम ने चार गुणा 100 मीटर रिले में भी स्वर्ण जीतकर दिन का शानदार समापन किया। अंजलि मुंडा इस प्रतियोगिता की सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक रहीं, जिन्होंने कुल पांच स्वर्ण पदक जीते, जिनमें से चार व्यक्तिगत स्पर्धाओं में आए।
अरुणाचल प्रदेश ने भी पदक तालिका में मजबूती दिखाई और पुरुषों की वेटलिफ्टिंग स्पर्धाओं में दोनों स्वर्ण पदक जीतकर अपनी स्थिति मजबूत की। वहीं, असम के लिए यह दिन खास रहा, जहां भाई-बहन निबिर क्रो और वायोलिना क्रो ने क्रमशः स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया।
पदक तालिका में कर्नाटक 15 स्वर्ण, 6 रजत और 3 कांस्य पदकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है। ओडिशा दूसरे स्थान पर है, जबकि असम तीसरे स्थान पर काबिज है। मेजबान छत्तीसगढ़ एक स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य सहित कुल आठ पदकों के साथ सातवें स्थान पर है।
कर्नाटक ने तैराकी प्रतियोगिता का समापन 15 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य पदकों के साथ किया। कर्नाटक के मणिकांत एल ने 8 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि धनीश एम ने 5 स्वर्ण और 1 रजत पदक अपने नाम किए। महिला वर्ग में कर्नाटक की मेघांजलि ने 4 स्वर्ण और 2 कांस्य पदक जीते।
छत्तीसगढ़ के खेल प्रेमी तैराकी में चार रजत और तीन कांस्य पदक मिलने के बाद स्वर्ण पदक का इंतजार कर रहे थे, जिसे निकिता ने पं. रविशंकर विश्वविद्यालय के खुले मैदान में आयोजित महिलाओं के 77 किलोग्राम वर्ग में दमदार प्रदर्शन करते हुए पूरा किया।
20 वर्षीय निकिता ने कुल 160 किलोग्राम (स्नैच में 70 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 90 किग्रा) वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने ओडिशा की श्रीमती जानी (126 किग्रा) को 34 किलोग्राम के बड़े अंतर से पीछे छोड़ा, जबकि असम की जॉयश्री पातिर ने 118 किलोग्राम के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
पदक जीतने के बाद निकिता ने साई मीडिया से कहा, “यह मेरे लिए खास पल है क्योंकि यह खेलो इंडिया में मेरा पहला स्वर्ण पदक है। मैंने पूरे साल इन खेलों की तैयारी की थी और वेट-इन के समय ही मुझे विश्वास था कि मैं स्वर्ण जीतूंगी।”
महिलाओं के 69 किलोग्राम वर्ग में असम की डिम्पी सोनवाल ने 155 किलोग्राम के कुल वजन के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि उनकी राज्य की ही पल्लवी पायेंग (131 किग्रा) ने रजत हासिल किया। पुरुष वर्ग में अरुणाचल प्रदेश के रूबा ताडू (88 किग्रा) और लालू ताकू (94 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीतकर अपने राज्य को पदक तालिका में शीर्ष तीन में पहुंचने की दौड़ में मजबूत किया। ताडू ने 274 किलोग्राम और ताकू ने 250 किलोग्राम का कुल वजन उठाया।
तैराकी प्रतियोगिता में असम के भाई-बहन निबिर क्रो और वायोलिना क्रो ने क्रमशः स्वर्ण और कांस्य पदक जीते। निबिर ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक में 31.31 सेकंड का समय लेकर कर्नाटक के धनीश एन (31.39 सेकंड) को पीछे छोड़ा। इससे पहले वायोलिना ने 100 मीटर फ्रीस्टाइल में 1:16.62 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता, जबकि ओडिशा की रितिका मिंज (1:12.93 सेकंड) और कृष्णा प्रिया नायक (1:15.77 सेकंड) ने क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक हासिल किए।
