
भोपाल। मंगलवारा थाना इलाके में एक 29 वर्षीय महिला ने सोशल मीड़िया से दोस्त बने युवक पर दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक महिला थाना टीला जमालपुरा की रहवासी है. शुक्रवार को देर रात महिला जब अपने पति के साथ अस्पताल में भर्ती एक रिश्तेदार से मिलकर लौट रही थी. इस दौरान उसके सोशल मीडिया पर बने दोस्त और आरोपी हारिस खान का फोन आया. हारिस ने महिला से मिलने की जिद्द की और महिला ने पति को एक स्थान पर रूकने के लिए बोला. महिला के पति को लगा वह जल्द ही आ जाएगी लेकिन महिला का बहुत देर तक अता-पता नहीं चला. रात के करीब ढाई बजे जब महिला अपने घर पहुंची तो उसने परिवार को बताया कि हारिस ने उसे साथ ले जाकर दुष्कर्म किया. परिजन तुरंत महिला को लेकर मंगलवारा थाने पहुंचे, जहां महिला ने पुलिस को हारिस के बारे में बताया. महिला ने बताया कि हारिस ने उसके पति और ससुराल के अन्य सदस्यों को मारने की धमकी दी थी. इस दबाव के चलते वह उससे मिलने पहुंची थी. तभी आरोपी उसे अपने साथ ले गया और दुष्कर्म किया. सूत्रों के मुताबिक आरोपी हारिस को गिरफ्तार करने का मंगलवारा थाना पुलिस दावा कर रही है. फिलहाल पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है.
