बच्चों की जान जोखिम में डालने पर स्कूल को नोटिस

देवास। सिविल लाइन अंडरब्रिज में जलभराव के बावजूद स्कूली बच्चों से भरी मैजिक वाहन को बैरिकेड हटाकर पानी में उतारने के मामले में शिक्षा विभाग ने अब सख्त कदम उठाया है। मामले को विद्यालय प्रशासन की गंभीर लापरवाही मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने सिटी कॉन्वेंट हायर सेकंडरी स्कूल, देवास के प्राचार्य को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। विभाग ने स्कूल प्रबंधन से तीन दिन में समाधानकारक जवाब मांगा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विद्यालय की मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई प्रस्तावित किए जाने की चेतावनी दी गई है।

 

बैरिकेड हटाया, पानी में बंद हो गई बच्चों से भरी मैजिक-

मामला उस समय सामने आया जब भारी जलभराव के कारण सिविल लाइन अंडरब्रिज को आवागमन के लिए रोका गया था। इसके बावजूद स्कूली बच्चों से भरी मैजिक के चालक ने बैरिकेड हटाकर वाहन को जलमग्न अंडरब्रिज में उतार दिया। पानी अधिक होने से कुछ ही देर में वाहन बंद हो गया और उसमें सवार बच्चों की जान सांसत में आ गई थी। घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय नागरिकों और पुलिस बल ने बच्चों को रस्सी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। घटना का वीडियो वायरल होने के साथ ही मामला सुर्खियों में आ गया।

 

नोटिस में पूछा—मान्यता समाप्त क्यों न की जाए?

शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन से जवाब तलब किया है। नोटिस में कहा गया है कि छात्र-छात्राओं से भरे वाहन को जलमग्न अंडरब्रिज में ले जाना विद्यालय प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। विभाग ने मान्यता संबंधी नियमों का हवाला देते हुए पूछा है कि विद्यालय की मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई क्यों न प्रस्तावित की जाए। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नोटिस प्राप्त होने के तीन दिवस के भीतर अपना समाधानकारक उत्तर प्रस्तुत करे। निर्धारित समय सीमा में जवाब नहीं मिलने पर विभाग द्वारा एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित स्कूल प्रबंधन की होगी। स्कूल वैन में बच्चों की सुरक्षा को लेकर हुई इस गंभीर लापरवाही के बाद अब पुलिस कार्रवाई के साथ शिक्षा विभाग की कार्रवाई भी तेज हो गई है। ऐसे में स्कूल की मान्यता पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

Next Post

योगासन में देवास के साधकों का शानदार प्रदर्शन, 12 पदकों पर जमाया कब्जा

Wed Aug 26 , 2026
देवास। योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम ही नहीं, बल्कि अनुशासन, एकाग्रता और आत्मविश्वास का भी आधार है। इसी का शानदार उदाहरण देवास में देखने को मिला, जहां धर्मार्चना याेग एवं थैरेपी सेंटर के साधकों ने जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में अपने बेहतरीन प्रदर्शन से 12 पदक अपने […]

You May Like