
उज्जैन। फेसबुक पर आई युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट युवक को भारी पड़ गई। युवती ने पहले दोस्ती की फिर प्रेमजाल में फंसाया और फिर एप्प डाउनलोड कराकर मुनाफे का लालच दिया। युवक के साथ 2.20 लाख की ठगी हुई तो उसने पुलिस को लिखित शिकायत दर्ज कराकर युवती पर कार्रवाई की बात कहीं है।
बिरलाग्राम थाना प्रभारी जितेन्द्र पाटीदार ने बताया कि ग्राम मेहतवास स्थित अम्बे कालोनी में रहने वाले अभिशेष पिता सतीश गुप्ता ने शिकायती आवेदन देकर अपने साथ 2 लाख 20 हजार 737 रुपये की ऑनलाइन ठगी होने की शिकायत दर्ज कराई है। अभिशेष के अनुसार अगस्त माह में उसके पास जानवी मल्होत्रा निवासी बैंगलूर की फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। जिसे एक्सेप्ट करने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। कुछ दिनों बाद जानवी ने शेयर मार्केट में पैसा लगाने और काफी मुनाफा होने की बात कहीं। उसने कपितमाल नाम का एप्प डाउनलोड करने का कहा। एप डाउनलोड करने पर उसने पहले 20 हजार रुपये लगाये। 3-4 दिनों में अच्छा मुनाफ मिला। 2 माह तक पैसे लगाने पर उससे मुनाफा मिलता रहा। नवम्बर-दिसंबर माह में उसने 2.20 लाख रुपये शेयर मार्केट के एप में इंवेस्ट किये, लेकिन कुछ दिनों बाद राशि विड्राल नहीं हुई। अब उसका अकाउंट बंद कर दिया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार अभिशेष ने उक्त युवती का नम्बर उपलब्ध कराया है, जिस पर कुछ महीनों से बात कर रहा था। उक्त नंबर भी बंद आ रहा है। शिकायत पर जांच शुरू की गई है। युवक द्वारा आनलाइन 1930 पर भी शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि फ्रेंड रिक्वेस्ट मिलने के बाद अभिशेष जानवी के फोटो देख काफी प्रभावित हो गया था। पहले फेसबुक पर बातचीत शुरू हुई उसके बाद मोबाइल नम्बर मिलने पर चर्चा का दौर शुरू हो गया। जानवी ने फेसबुक पर अपने काफी इस्टाईलिस फोटो पोस्ट करे थे। जबकि अभिशेष गुप्ता पहले से शादीशुदा है। जानकारी यह भी सामने आई है कि उसका कुछ माह पहले पत्नी से विवाद भी हुआ था। पत्नी ने आत्महत्या का प्रयास भी किया था।