खुद को भाई बताकर महिला से ऑनलाइन 97 हजार रुपए की ठगी

इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है. यहां एक महिला से खुद को भाई बताकर अनजान व्यक्ति ने फोन पर भरोसे में लिया और अस्पताल में इलाज का बहाना बनाकर क्यूआर कोड के जरिए करीब 97 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
फरियादिया रेखा तिवारी पति अरुणेश सिंह तिवारी (43), निवासी ओमैक्स सिटी वन, इंदौर ने शिकायत दर्ज कराई है.

रेखा तिवारी ने बताया कि रात करीब 11 बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान व्यक्ति का कॉल आया. कॉल करने वाले ने खुद को उनका भाई बताते हुए कहा कि उसकी दोस्त अस्पताल में भर्ती है और हार्ट का ऑपरेशन चल रहा है. उसने यह भी कहा कि उसके खाते से पैसे ट्रांसफर नहीं हो पा रहे हैं, इसलिए वह पहले आपके (रेखा के) खाते में पैसे डालेगा फिर यह रकम डॉ. हेमा के खाते में भेज देना.

बातों में उलझाकर जल्दबाजी में ट्रांसफर करवा लिए रुपए
फरियादिया के अनुसार बातों में उलझाकर आरोपी ने उन्हें जल्दबाजी में डाल दिया. इसी दौरान उनके मोबाइल पर पैसे क्रेडिट होने का मैसेज आने की बात कहकर उसने दिए गए क्यूआर कोड पर रकम ट्रांसफर करने के लिए कहा. भरोसे में आकर रेखा तिवारी ने आरोपी द्वारा दिए गए दो अलग-अलग यूपीआई आईडी पर 97 हजार 500 रुपये ट्रांसफर कर दिए. कुछ ही देर बाद आरोपी का मोबाइल नंबर बंद आने लगा.

जब फरियादिया ने अपना बैंक खाता चेक किया तो पता चला कि उनके खाते में कोई रकम क्रेडिट ही नहीं हुई थी. इस तरह अज्ञात व्यक्ति ने खुद को भाई बताकर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए धोखाधड़ी की. लसूड़िया पुलिस ने मामले में अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया है. पुलिस साइबर सेल की मदद से आरोपी और यूपीआई खातों की जानकारी जुटा रही है

Next Post

युवती से छेड़छाड़ कर जान से मारने की धमकी, केस दर्ज

Fri Jan 9 , 2026
इंदौर: बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ छेड़छाड़ और धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है. पीड़िता ने आरोपी पर पीछा करने, जबरन हाथ पकड़ने और बात नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं.पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई है कि राकेश […]

You May Like