कश्मीर में बिना पंजीकरण के चल रहे होमस्टे, गेस्ट हाउस पर कार्रवाई

श्रीनगर, (वार्ता) जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बिना वैध पंजीकरण के बड़गाम जिले में चल रहे छह ‘होमस्टे’ और ‘गेस्ट हाउसों’ के खिलाफ कार्रवाई की है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक बड़गाम पुलिस ने श्रीनगर पर्यटक पुलिस थाने के सहयोग से हुमहामा क्षेत्र में होमस्टे एवं गेस्ट हाउसों का सत्यापन और जांच अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान छह होमस्टे और गेस्ट हाउस बिना वैध पंजीकरण के संचालित पाए गए। इनमें आर्म्ड कॉम्प्लेक्स के पास स्थित ‘कोज़ी हेवन’ (शेखपुरा), हवाई अड्डे के पास ‘हाजी गेस्ट हाउस’ (हुमहामा), ‘सुकूनत गाह’, ‘आर्को रेजिडेंसी’, ‘वेलकम होमस्टे’, ‘ज़बील विला’ और ‘होमस्टे बाय ईशान’ शामिल हैं।

पुलिस ने इन सभी छह संपत्तियों के मालिकों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 126/170 के तहत मामला शुरू किया है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सभी होमस्टे और गेस्ट हाउस मालिकों से आग्रह किया है कि वे लागू कानूनों का पालन सुनिश्चित करें और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए सक्षम अधिकारियों से आवश्यक पंजीकरण प्राप्त करें।

पुलिस ने आगे कहा, “नियमों का पालन सुनिश्चित करने और जिले में सुरक्षित व कानूनी पर्यटन प्रथाओं को बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।”

उल्लेखनीय है कि दिसंबर में भी बड़गाम पुलिस ने हुमहामा क्षेत्र के एक होमस्टे प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया था, जिसने कथित तौर पर अनिवार्य जानकारी दिए बिना एक विदेशी नागरिक को ठहराया था।

 

 

Next Post

प्रोबेशन काल में दिया जाये पूर्ण वेतन, हाईकोर्ट ने कर्मचारियों के हित में जारी किये आदेश

Fri Jan 9 , 2026
जबलपुर: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में तीन साल के प्रोबेशन काल में तीन श्रेणी में निर्धारित न्यूनतम वेतन में कटौती किये जाने के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की गयी थी। हाईकोर्ट जस्टिस विवेक रूसिया तथा जस्टिस प्रदीप मित्तल की युगलपीठ ने याचिका की सुनवाई करते हुए अपने आदेश में कहा […]

You May Like