
नीमच। देश के अमर वीर शहीदों के आत्म बलिदान को नमन कर कृतज्ञता प्रकट करना तथा उनके परिजनों को सर्वोपरि सम्मान देना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। स्मरण रहे कि कर्तव्य की बलि वेदी पर अपने प्राणों को सर्वस्व न्यौछावर करने वाले रतलाम जिले के घटला ग्राम के निवासी सीआरपीएफ के अमर वीर बलिदानी सिपाही चम्पा लाल मालवीय तथा राजगढ जिले के ग्राम सैदाबाद निवासी सिपाही अम्बा राम मालवीय ने वर्ष 2013 में क्रमश: 112 बटालियन एवं 133 बटालियन में तैनाती के दौरान आज ही के दिन झारखण्ड में माओवादियों से डटकर मुकाबला करते हुए मां भारती की सेवा में अपने प्राणों को आहुति दी थी। इसी कडी में ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच द्वारा अप्रतिम पहल करते हुए उन शहीदों की पुण्य तिथि पर उनके स्मरण तथा शहादत को नमन करने हेतु बुधवार को सुरेन्द्र कुमार डीआईजी ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच के मार्गदर्शन एवं दुष्यंत गोस्वामी, सहायक कमांडेंट व निरीक्षक राम बाबू के नेतृत्व में सीआरपीएफ ने वीर बलिदानियों के गृह निवास पर पहुंचकर शहीदों के सम्मान में कार्यक्रम का आयोजन किया। इस मौके पर स्थानीय गणमान्य नागरिक तथा परिजनों की सादर उपस्थिति में सीआरपीएफ की ओर से श्रद्धासुमन अर्पित कर दो मिनट का मौन धारण कर उनकी आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना करते हुए उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की गई। सीआरपीएफ द्वारा वीर बलिदानियों के परिजनों को आश्वासित किया गया कि वे सीआरपीएफ परिवार का अभिन्न हिस्सा है और साथ ही उन्हें यह भी भरोसा दिलाया गया कि उनके हरेक सुख-दुख में सीआरपीएफ सदैव उनके साथ खड़ी है और सीआरपीएफ इन वीर बलिदानियों के परिवाजनों के हर संभव सहयोग व सहायता के लिए हमेशा तत्पर है। शहीदों के परिजनों के प्रति अपनत्व एवं कृतज्ञता प्रकट करना एवं उन्हें खुशहाल देखना ही सही मायने में शहीदों के प्रति सम्मान है।
