
सलामतपुर। इन दिनों बढ़ते साईबर अपराधों से बचने के लिए जिले में जागरूकता अभियान कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सलामतपुर पुलिस ने शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में जागरूकता अभियान कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार के मार्गदर्शन में सलामतपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी, और आरक्षक रोहित गोस्वामी ने टीम के साथ शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर क्राइम के बढ़ते खतरे और उससे बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। दिनेश सिंह रघुवंशी ने बताया कि साइबर क्राइम के विभिन्न रूप, जैसे ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, और सोशल मीडिया से संबंधित खतरे, किस तरह युवाओं को प्रभावित कर सकते हैं। उन्होंने छात्रों को सतर्क रहने, मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने और साइबर सुरक्षा के बुनियादी उपाय अपनाने की सलाह दी। इसके साथ ही यातायात संबंधित जानकारी भी बच्चों को उपलब्ध कराई गई। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षक भी उपस्थित रहे और उन्होंने इस पहल की सराहना की। शिक्षकों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम छात्रों को साइबर खतरों से सुरक्षित रहने में मदद करेंगे और समाज में एक सकारात्मक बदलाव लाएंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र छात्राओं में साइबर क्राइम के प्रति जागरूकता लाना था।
