अमेरिका ने सोमालिया सरकार की सभी प्रकार की सहायता राेकी

वाशिंगटन, 08 जनवरी (वार्ता) अमेरिका ने सोमालिया सरकार की सभी प्रकार की सहायता स्थगित करते हुए आरोप लगाया है कि अधिकारियों ने खाद्य सहायता से भरा विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफ़पी) का एक गोदाम नष्ट कर दिया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने बुधवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया कि सोमाली अधिकारियों ने दानदाताओं द्वारा वित्त पोषित 76 टन खाद्य सहायता जब्त कर ली थी, जो ज़रूरतमंद सोमालियाई लोगों के लिए थी।

विभाग ने एक्स पर एक बयान में कहा, “विदेश विभाग ने सोमाली संघीय सरकार को लाभ पहुंचाने वाले सभी जारी अमेरिकी सहायता कार्यक्रमों को रोक दिया है। ट्रंप प्रशासन मानवीय सहायता की बर्बादी, चोरी और हेरफेर को बिलकुल सहन नहीं करेगा और उसने सोमाली संघीय सरकार को लाभ पहुंचाने वाले सभी अमेरिकी सहायता कार्यक्रमों को रोक दिया है। सहायता की कोई भी बहाली सोमाली संघीय सरकार पर निर्भर होगी, जो अपने अस्वीकार्य कार्यों के लिए जवाबदेही लेगी और उचित सुधारात्मक कदम उठाएगी।”

वाशिंगटन एक्जामिनर की एक रिपोर्ट में डब्ल्यूएफपी के एक प्रवक्ता के हवाले से कहा गया कि मोगादिशु बंदरगाह में एक खाद्य गोदाम को बंदरगाह अधिकारियों द्वारा ध्वस्त कर दिया गया है। प्रवक्ता ने कहा कि गोदाम में कुपोषित गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं, लड़कियों और बच्चों के इलाज के लिए विशेष पौष्टिक भोजन था।

डब्ल्यूएफपी के प्रवक्ता ने कहा, “यह गोदाम हमारे आपातकालीन अभियानों के लिए महत्वपूर्ण है, ऐसे समय में जब लगभग एक चौथाई आबादी (44 लाख लोग) सोमालिया में भूख के संकट स्तर या उससे भी बदतर स्थिति का सामना कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि एजेंसी इस मुद्दे को हल करने के लिए अधिकारियों और भागीदारों के साथ सक्रिय रूप से काम कर रही है। श्री ट्रंप ने व्यक्तिगत रूप से अमेरिका में सोमाली समुदाय के खिलाफ नस्लवादी टिप्पणियां करते हुए कहा है कि वे “अमेरिका को नष्ट कर रहे हैं।” उन्होंने सोमालिया से एक डेमोक्रेटिक प्रतिनिधि इल्हान उमर पर भी हमला किया, जो एक बाल शरणार्थी के रूप में अमेरिका आई थीं।

 

 

 

 

Next Post

श्रीलंका में भारी बारिश का अनुमान, मछुआरों को समुद्र से लौटने की सलाह

Thu Jan 8 , 2026
कोलंबो, 08 जनवरी (वार्ता) श्रीलंका मौसम विभाग ने गुरुवार को समुद्र में मौजूद मछुआरों को तुरंत वापस लौटने या सुरक्षित ठिकानों पर शरण लेने का आग्रह किया है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना एक ‘गहरा दबाव’ शुक्रवार को देश को प्रभावित कर सकता है जिससे भारी भारिश की चेतावनी […]

You May Like