
भोपाल। मैहर जिले की गौरव एवं अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही अंजना सिंह को यूरोप की सबसे ऊँची चोटी माउंट एलब्रुस तक मध्यप्रदेश पुलिस के जनजागरूकता अभियान “नशे से दूरी है जरूरी” को पहुँचाने के लिए बुधवार को पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाणा ने सम्मानित किया। इस अवसर पर डीजीपी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर युवाओं में नशे के विरुद्ध सशक्त संदेश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित करने के उनके प्रयासों की सराहना की।
अंजना सिंह ने माउंट एलब्रुस की चोटी पर तिरंगा फहराकर युवाओं से नशे को “ना” कहने की अपील की, जिससे इस अभियान को वैश्विक पहचान मिली और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस की जनसहभागिता आधारित पहल को मजबूती मिली।
मैहर जिले की अमरपाटन तहसील के बेंदुरा कला गांव की निवासी अंजना सिंह एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग, मनाली से प्रशिक्षण प्राप्त किया है। गणतंत्र दिवस 2025 पर उन्होंने अफ्रीका की सर्वोच्च चोटी माउंट किलिमंजारो फतह की थी। अब वे ऑस्ट्रेलिया की सबसे ऊँची चोटी माउंट कोसियस्ज़को को फतह करने की तैयारी कर रही हैं।
