गणतंत्र दिवस परंपरागत तरीके से मनाया गया मध्यप्रदेश में

भोपाल, 26 जनवरी (वार्ता) राजधानी भोपाल समेत संपूर्ण मध्यप्रदेश में आज 76वां गणतंत्र दिवस परंपरागत तरीके से हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन यहां लाल परेड मैदान में संपन्न हुआ, जहां राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और भव्य एवं आकर्षक परेड की सलामी ली।

इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने मुरैना जिला मुख्यालय पर तिरंगा फहराया और आकर्षक परेड की सलामी ली। उन्होंने इस दौरान मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। इसके साथ ही मंत्रियों ने अलग अलग निर्धारित जिलों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। अनेक जिलों में जनप्रतिनिधियों और कलेक्टरों ने तिरंगा फहराकर मुख्यमंत्री का संदेश सुनाया।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इंदौर में आयोजित भव्य एवं गरिमामय आयोजन में तिरंगा फहराकर आकर्षक परेड की सलामी ली। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए संबोधित किया। उन्होंने कहा, “देश की अद्वितीय प्रगति, लोकतंत्र की सुदृढ़ता, जन गण की सहभागिता के पर्व 76वें गणतंत्र दिवस की प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। सांस्कृतिक व पारंपरिक विविधता के बीच अटूट एकता अखंडता और मां भारती की सेवा का सामूहिक संकल्प देश की अतुलनीय शक्ति है। आइए, इस पावन अवसर पर हम सभी मां भारती की सेवा में सहभागिता में सतत समर्पित रहने का संकल्प लें।”

डॉ यादव ने इस दौरान राज्य सरकार की ओर से एक वर्ष के दौरान उठाए गए कदमों के बारे में बताया और भविष्य की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों के हितों के लिए कार्य कर रही है। फरवरी माह में भोपाल में आयोजित होने वाले ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के जरिए प्रदेश में निवेश आएगा और इससे युवाओं को रोजगार के अनेक अवसर प्राप्त होंगे।

डॉ यादव ने देश की पहली नदी जोड़ो योजना केन बेतवा लिंक परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका भूमिपूजन कर चुके हैं। यह बुंदेलखंड अंचल समेत राज्य के अनेक हिस्सों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। इससे मध्यप्रदेश के साथ ही उत्तरप्रदेश के अंचल को सिंचाई और पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने पार्वती कालीसिंध चंबल नदी जोड़ो योजना के बारे में भी बताया।

इसके साथ ही गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजधानी भोपाल में विभिन्न संवैधानिक संस्थाओं के कार्यालयों, सरकारी कार्यालयों, विभिन्न राजनैतिक दलों के मुख्यालयों और संस्थाओं में भी तिरंगा फहराकर गणतंत्र समारोह मनाया गया। राज्य के विभिन्न जिलों से भी इसी तरह के आयोजन भव्य एवं गरिमामय तरीके से आयोजित होने के समाचार मिले हैं।

 

Next Post

गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में डॉ राजौरा ने फहराया तिरंगा

Sun Jan 26 , 2025
भोपाल, 26 जनवरी (वार्ता) गणतंत्र दिवस के अवसर पर आज यहां मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा ने राष्ट्र ध्वज तिरंगा फहराया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस अवसर पर डॉ राजौरा ने राष्ट्रगान के बाद सलामी ली तथा बल का निरीक्षण किया। डॉ. राजौरा […]

You May Like