नयी दिल्ली, 11 जून (वार्ता) पिगमेंट्स और डाई बनाने वाली कंपनी विपुल ऑर्गेनिक्स ने यूरोप में बिक्री बढ़ाने के लिए स्विटजरलैंड की कंपनी ओम्या ग्रुप के साथ साझेदारी की है। ओम्या समूह आवश्यक खनिजों का एक अग्रणी वैश्विक उत्पादक तथा स्पेशियलिटी मैटेरियल्स का विश्वव्यापी वितरक है। उसका कारोबार 50 देशों में फैला है। विपुल ऑर्गेनिक्स ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस रणनीतिक एवं विशिष्ट वितरण साझेदारी के तहत ओम्या यूरोपीय बाजार में उसके पिगमेंट डिस्पर्शन और पिगमेंट पाउडर की सनटोल और सनकोट श्रृंखला का एकमात्र वितरक होगा। उसके पास ब्रिटेन, नॉर्वे, बोस्निया, सर्बिया, मोंटेनेग्रो, नॉर्थ मैसेडोनिया, अल्बानिया और मोल्दोवा में वितरण अधिकार होगा, जबकि स्विट्ज़रलैंड और पोलैंड इससे बाहर रहेंगे।
सनटोन श्रृंखला का उपयोग पेंट, इंक, प्लास्टिक, टेक्सटाइल, रबर उद्योग, ऑटोमोटिव कोटिंग्स तथा औद्योगिक पेंट्स सहित विभिन्न क्षेत्रों में किया जाता है। सनकोट श्रृंखला का उपयोग पेंट्स एवं कोटिंग्स में किया जाता है। आंतरिक, बाहरी एवं सजावटी कोटिंग्स, पेपर कोटिंग्स, सीड कोटिंग्स, डिटर्जेंट, शू पॉलिश तथा कलात्मक एवं शैक्षणिक रंग बनाने में इसका इस्तेमाल किया जाता है। विपुल ऑर्गेनिक्स के प्रबंध निदेशक विपुल पी. शाह ने इस साझेदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह वैश्विक विस्तार की कंपनी की रणनीति में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सहयोग यूरोपीय निर्माताओं को विश्वस्तरीय एवं किफायती रंग समाधान प्रदान करते हुए अगले पांच साल में कंपनी की अंतर्राष्ट्रीय उपस्थिति को मजबूत करने और विकास की गति को तेज करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा।

