भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शहीद दिवस के अवसर पर अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मां भारती के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले इन वीर सपूतों का बलिदान सदैव देश को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र उनके सर्वोच्च बलिदान का सदा कृतज्ञ रहेगा और शहीदों के सपनों का भारत बनाने का संकल्प हम सभी को लेना चाहिए। मुख्यमंत्री ने लोगों का आह्वान किया कि वे अंतिम सांस तक राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी एवं समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए लोकतंत्र के प्रति उनकी अटूट आस्था को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि लोहिया जी का गरीब कल्याण का संकल्प और सशक्त नेतृत्व युवाओं के लिए आदर्श है तथा उनका पूरा जीवन देश सेवा के लिए समर्पित रहा।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीर सपूत हेमू कालाणी की जयंती पर भी उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि हेमू कालाणी की वीरता और बलिदान ने जन-जन में जागरूकता का संचार किया और राष्ट्र उनके इस त्याग का सदैव ऋणी रहेगा।
