नयी दिल्ली/बेंगलुरु, 05 जनवरी (वार्ता) 44वीं जूनियर राष्ट्रीय खो खो चैंपियनशिप में कर्नाटक ने लड़के और महाराष्ट्र ने लड़की वर्ग का खिताब अपने नाम किया। जूनियर राष्ट्रीय खो खो चैंपियनशिप के फाइनल में कर्नाटक के लड़कों ने महाराष्ट्र को 35-30 से हराया। वहीं लड़कियों के वर्ग महाराष्ट्र ने ओडिशा को 34-33 से हराकर अपने खिताब का बचाव किया। लड़कों के सेमीफाइनल में, महाराष्ट्र ने कोल्हापुर को 33-31 से हराया, जबकि कर्नाटक ने मध्य भारत को 33-20 से शिकस्त दी। वहीं लड़कियों के सेमीफाइनल में, महाराष्ट्र ने पंजाब को 28-14 से हराया, और ओडिशा ने कोल्हापुर को 29-27 से हराया।
स्नेहा लामकाने (महाराष्ट्र) को लड़की वर्ग में ‘जानकी अवार्ड’ मिला, जबकि बी. विजय (कर्नाटक) को लड़के वर्ग में ‘वीर अभिमन्यु अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। फाइनलिस्ट टीमों में, दीक्षा कातेकर (महाराष्ट्र) को लड़की वर्ग में सर्वश्रेष्ठ अटैकर और अर्चना प्रधान (ओडिशा) को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर चुना गया। राज जाधव (महाराष्ट्र) को लड़के वर्ग में सर्वश्रैष्ठ अटैकर और प्रज्ज्वल वाई. (कर्नाटक) को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर चुना गया।
इस अवसर पर खो खो फेडरेशन ऑफ इंडिया (केकेएफआई) के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल ने कहा, “मैं सभी प्रतिभागियों, विजेता टीमों और उपविजेताओं को बधाई देता हूं। जूनियर नेशनल्स युवा प्रतिभाओं की पहचान, पोषण और प्रोत्साहन के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है।” केकेएफआई के चेयरमैन, ऑर्गनाइजेशन एंड एडमिनिस्ट्रेशन, डॉ. एम.एस. त्यागी ने कहा, “जूनियर नेशनल्स जैसे चैंपियनशिप युवा खिलाड़ियों के लिए प्रतिस्पर्धी अनुभव और अनुशासन, टीमवर्क और पेशेवरता को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक हैं।” 58वीं सीनियर नेशनल खो खो चैंपियनशिप (पुरुष और महिला) 2025-26 11 से 15 जनवरी को तेलंगाना के काजीपेट में आयोजित की जाएगी। 35वीं सब-जूनियर नेशनल खो खो चैंपियनशिप (लड़के और लड़की) 2025-26 31 जनवरी से चार फरवरी तक हरियाणा के कुरुक्षेत्र में होगी।

