उज्जैन: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृह नगर उज्जैन में सीएम ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया. रविवार को उज्जैन और देवास के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया जिसमें देवास की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की,वही आईपीएल की तर्ज पर यूपीएल की भी मांग उठी.यह टूर्नामेंट लेदर बॉल से खेला गया जिसमे फाइनल मैच में विजेता देवास टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 6666 रुपये की राशि प्रदान की गई, जबकि उपविजेता उज्जैन टीम को 3333 रुपये का द्वितीय पुरस्कार मिला. टूर्नामेंट में व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया.
5000 नकद व ट्रॉफी भी
मैन ऑफ द सीरीज का खिताब देवास के अर्पित पटेल को दिया गया, जिन्हें ट्रॉफी के साथ 5000 रुपये की नगद राशि प्रदान की गई. वहीं फाइनल मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार देवास के अमन जैन को मिला, उन्हें भी ट्रॉफी और 5000 रुपये की नगद राशि दी गई. टूर्नामेंट के दौरान स्वर्गीय कुलदीप सिंह परमार की स्मृति में 5000 रुपये का विशेष पुरस्कार दिया गया, साथ ही स्वर्गीय विमला परमार के नाम पर भी 5000 रुपये की नगद राशि प्रदान की गई. पुरस्कार वितरण समारोह में मोयरा सरिया कंपनी से संदीप जैन और भाजपा नगर कोषाध्यक्ष प्रकाश यादव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे. दोनों अथितिगणों ने विजेता टीम को पुरस्कृत किया, वहीं द्वितीय टीम और अन्य बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कार दिए गए.
मुख्यमंत्री है अकादमी के अध्यक्ष
नवभारत से चर्चा में आयोजन से जुड़े तुषार चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन क्रिकेट अकादमी के अध्यक्ष हैं और उनके मार्गदर्शन में ऐसे आयोजन निरंतर किए जाते हैं. तुषार चौहान ने बताया कि वे सचिव की भूमिका निभा रहे हैं और यह पूरा आयोजन स्वर्गीय प्रकाश चंद्र भांड की स्मृति में सीएम ट्रॉफी के रूप में किया गया, जो अपने समय के बेहतरीन क्रिकेटर रहे हैं.
25 दिसंबर से चल रहा टूर्नामेंट
यह टूर्नामेंट 25 दिसंबर से दशहरा मैदान पर आयोजित किया जा रहा था, जिसका समापन फाइनल मैच के साथ हुआ. पूरे आयोजन के दौरान दशहरा मैदान पर बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे और उन्होंने लगातार कई दिनों तक रोमांचक क्रिकेट मैचों का आनंद लिया.
आईपीएल की तर्ज पर यूपीएल तभी संभव जब मैदान हो
आयोजकों ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा नानाखेड़ा स्टेडियम में खेल संकुल का निर्माण कराया गया है और हॉकी स्टेडियम बनाने की भी घोषणा की गई है. उन्होंने यह भी कहा कि यदि उज्जैन में बेहतर क्रिकेट मैदान उपलब्ध हो जाए तो आईपीएल की तर्ज पर उज्जैन प्रीमियर लीग जैसे टूर्नामेंट आयोजित किए जा सकते हैं, साथ ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैचों की मेजबानी भी संभव है. इस संबंध में एक अच्छे क्रिकेट मैदान की आवश्यकता को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तक पहुंचाने की बात भी आयोजकों द्वारा कही गई
