आप के नेताओं के बदलते रंग को देखकर स्तब्ध दिल्ली की जनता: सचदेवा

नयी दिल्ली, 04 जनवरी (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधते हुए कहा है कि प्रदेश की जनता आप के नेताओं के बार बार बदलते रंग देख कर स्तब्ध है।

श्री सचदेवा ने रविवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा, “आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज सहित पार्टी के तमाम नेताओं ने दिल्ली सरकार के शिक्षा मंत्री आशीष सूद पर हमला करते हुए कहा कि उनके (श्री सूद) के विभाग ने अधिसूचना जारी कर शिक्षकों को कुत्ते गिनने की ड्यूटी पर लगाया है, लेकिन जब श्री सूद और मैंने शिक्षा विभाग के सर्कुलर को मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक करके आप के झूठ की पोल खोल दी तो अब आप के नेता श्री सूद पर व्यक्तिगत टीका टिप्पणी करने पर उतर आये हैं।”

उन्होंने कहा कि आप के नेताओं द्वारा श्री सूद पर की जा रही व्यक्तिगत टीका टिपण्णी की दिल्ली की जनता और दिल्ली भाजपा निंदा करती है और चुनौती देती है कि आप ऐसी अधिसूचना दिखायें, जिसमें शिक्षकों की कुत्ते गिनने की ड्यूटी लगाई गई हो या फिर श्री सूद से माफी मांगें।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि श्री केजरीवाल ने एक नयी पार्टी बना कर बड़े- बड़े आदर्शों की बात की, निश्चय ही नयी पार्टी आप ने शुरू में कुछ नये लोगों को टिकट दिया, पर सत्ता के 10 साल में उन्होंने ना सिर्फ हर दल के नेता को जोड़कर टिकट दिया, बल्कि भ्रष्टाचार में कांग्रेस, समाजवादी एवं राजद जैसी पार्टियों को भी पछाड़ दिया।

दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि श्री सूद खुद एक साधारण शिक्षक परिवार से आते हैं, सामान्य शिक्षा प्राप्त की है, मध्यम वर्गीय कॉलोनी जनकपुरी में रह कर वहां के नागरिकों के साथ ही लगभग 25 अधिकृत कॉलोनियों के लोगों का भी प्रतिनिधित्व करते हैं।

उन्होंने कहा, “श्री सूद से मेरा 20 वर्ष का सम्बंध है और वह कभी सहयोगियों को छोटा बड़ा वर्गीकृत नहीं करते। श्री सूद ने आप नेताओं की छोटी मानसिकता का जिक्र किया जिसके हारे हताश नेता अब विक्टिम कार्ड खेलने लगे हैं।”

 

 

 

 

Next Post

भारत से विश्व कप मैच बाहर ले जाने के लिए बीसीबी के अनुरोध पर विचार कर सकती है आईसीसी

Sun Jan 4 , 2026
दुबई, 04 जनवरी (वार्ता) इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अपने टी20 वर्ल्ड कप मैचों को भारत से बाहर शिफ्ट करने के अनुरोध पर विचार कर सकती है। विश्व संस्था ने अभी तक कोई फैसला नहीं लिया है या मीटिंग नहीं की है, खासकर आज रविवार होने […]

You May Like