एफपीआई ने दो दिन में बेची 7,608 करोड़ की इक्विटी

मुंबई, 04 जनवरी (वार्ता) विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने नये साल में पहले दो दिन के कारोबार में भारतीय बाजारों में 7,608 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, एफपीआई ने जनवरी के पहले दो दिन में भारतीय पूंजी बाजार से 5,342 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की। शुद्ध निकासी का मतलब है कि उन्होंने जितनी पूंजी लगायी उससे ज्यादा निकाली है।
एक तरफ जहां एफपीआई इक्विटी से पैसा निकाल रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ वे डेट और म्यूचुअल फंड में निवेश बढ़ा रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार, एफपीआई ने जनवरी में इक्विटी में 7,608 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की। वहीं उन्होंने शुद्ध रूप से 2,266 करोड़ रुपये लगाये। म्यूचुअल फंड में उनका शुद्ध निवेश 22.46 करोड़ रुपये रहा। इक्विटी की तरह ही हाइब्रिड उपकरणों से उन्होंने 22.4 करोड़ रुपये निकाले।
उल्लेखनीय है कि कैलेंडर वर्ष 2025 में एफपीआई ने भारतीय पूंजी बाजार से 83,972 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की थी। इस दौरान उन्होंने शुद्ध रूप से 1,60,103 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची थी जबकि डेट और म्यूचुअल फंड में उनका निवेश सकारात्मक रहा था।
एफपीआई की बिकवाली का एक कारण डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरावट को भी माना जा रहा है। जब किसी देश की मुद्रा गिरती है तो विदेशी निवेशकों का पैसा निकालना आम बात है। रुपया इस समय 90 प्रति डॉलर से नीचे है। मौजूदा वित्त वर्ष 2025-26 में यह पांच प्रतिशत से ज्यादा लुढ़क चुका है। यही कारण है कि एफपीआई लगातार बिकवाल बने हुए हैं।

Next Post

शीर्ष 10 की सात कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 1,23,724 करोड़ रुपये बढ़ा

Sun Jan 4 , 2026
मुंबई, 04 जनवरी (वार्ता) शेयर बाजारों में पिछले सप्ताह रही तेजी के बीच बीएसई की शीर्ष 10 में से सात कंपनियों का सम्मिलित बाजार पूंजीकरण (एमकैप) 1,23,724 करोड़ रुपये बढ़ गया जबकि अन्य तीन का कुल बाजार पूंजीकरण 22,623 करोड़ रुपये कम हुआ। विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाली रिलायंस […]

You May Like