
शिवपुरी। जिले के लुकवासा चौकी क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाइवे-46 स्थित देहरदा चौराहे के ओवर ब्रिज पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। आगरा से असम जा रहा आलू से भरा ट्रक गाय को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ा और पलट गया। ट्रक पलटने से आलू सड़क पर फैल गया। ड्राइवर समीर खान ने बताया कि वह आगरा से आलू लेकर असम जा रहा था। ओवर ब्रिज पर एक कंटेनर खड़ा था, जिसे ओवरटेक करते समय सामने अचानक गाय आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया, जिससे टायर फट गया और ट्रक पलट गया। हादसे में ड्राइवर और हेल्पर आदिल को चोटें आईं। कोलारस विधानसभा क्षेत्र में बीते दो माह में दो दर्जन से ज्यादा गायों की मौत हो चुकी है, जबकि कई वाहन गाय को बचाने के दौरान हादसे का शिकार हुए हैं। इसके बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
