नागालैंड के राज्यपाल एल गणेशन का निधन

चेन्नई (वार्ता) नागालैंड के राज्यपाल एल गणेशन का शुक्रवार को तमिलनाडु के चेन्नई में संक्षिप्त बीमारी से निधन हो गया।

वह 80 वर्ष के थे। वह हाल ही में अपने घर पर गिर गए थे और उन्हें यहां अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक श्री गणेशन का पिछले आठ दिनों से इलाज चल रहा था। उन्होंने आज शाम 18:23 बजे अंतिम सांस ली।

सोलह फरवरी 1945 को चेन्नई में एक तमिल ब्राह्मण परिवार में जन्मे श्री गणेशन कम उम्र में अपने पिता की मृत्यु के बाद अपने भाई के साथ पले-बढ़े। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) में शामिल हो गए और बिना शादी किए अपनी नौकरी छोड़ दी तथा एक पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में सार्वजनिक जीवन में लौट आए।

भारतीय जनता पार्टी( भाजपा) महासचिव नियुक्त होने से पहले वह आरएसएस में प्रचारक थे। आपातकाल के दौरान वह पुलिस की गिरफ्त से बच निकले थे और लगभग एक साल तक छिपकर रहे।

भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नियुक्त होने से पहले उन्होंने भाजपा में राष्ट्रीय सचिव और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ पदों का दायित्व संभाला।

श्री गणेशन ने 2021 में मणिपुर के राज्यपाल के रूप में भी कार्य किया था। वह 20 फ़रवरी, 2023 से नागालैंड के 19वें राज्यपाल हैं। दो साल पहले नागालैंड के राज्यपाल नियुक्त होने से पहले उन्होंने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला था। इससे पहले वह मध्य प्रदेश से राज्यसभा के सदस्य थे।

तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि, मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी, भाजपा तमिलनाडु अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन और अन्य नेताओं ने श्री गणेशन के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

Next Post

करण टैकर ने स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस के जज्बे और बहादुरी को किया सलाम

Sat Aug 16 , 2025
मुंबई, (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेता करण टैकर ने पुलिस ऑफिसर के जज्बे और बहादुरी को सलाम किया है। खाकी: द बिहार चैप्टर में एक सख़्त पुलिस अफ़सर का दमदार किरदार निभाने वाले करण का वर्दी से रिश्ता सिर्फ़ परदे तक ही नहीं है, बल्कि दिल के तारों से जुड़ चुका है। […]

You May Like