विमान हादसे में अपनों को खोने वाले परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की सहायता देगा टाटा समूह

मुंबई 12 जून (वार्ता) टाटा समूह ने अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान हादसे में मारे गये लोगों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये नगद सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है।

टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने ‘एक्स’ पर एक बयान में एयर इंडिया की अहमदाबाद लंदन की उड़ान संख्या 171 की त्रासद दुर्घटना पर समूह की ओर से गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “ टाटा समूह इस त्रासदी में प्राण गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये देगा। हम घायल व्यक्तियों के इलाज का पूरा खर्च उठायेंगे और यह सुनिश्चित किया जायेगा कि उन्हें पूरी मदद मिले और उनका ध्यान रखा जाये। ”

श्री चंद्रशेखरन ने इसके अलावा अहमदाबाद के बीजे मेडिकल्स के छात्रावास भवन के पुर्निर्माण में मदद की भी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि टाटा समूह इस अकल्पनीय दुख के समय में प्रभावित परिवारों और समूदायों के साथ खड़ा है।

उल्लेखनीय है कि एयर इंडिया का संचालन टाटा समूह के हाथ में है।

अहमदाबाद विमान हादसे के शिकार ड्रीमलाइनर बोइंग 787 विमान में 230 यात्री और चालक दल के दो पायलट सहित 12 सदस्य सवार थे।

Next Post

एयर इंडिया ने की यात्रियों के परिजनों के लिए उड़ान की व्यवस्था

Thu Jun 12 , 2025
मुंबई 12 जून (वार्ता) एयर इंडिया ने दुर्घटनाग्र्सत विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के परिजनों को अहमदाबाद ले जाने और वापस लाने के लिए दिल्ली और मुंबई से उड़ानें संचालित करने की घोषणा की है। एयरलाइंस ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में यह […]

You May Like