बैंकॉक, 31 दिसंबर (वार्ता/शिन्हुआ) थाईलैंड ने हिरासत में लिये गये 18 कंबोडिया के सैनिकों को स्वदेश भेज दिया है। यह जानकारी थाईलैंड के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान में दी।
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि यह प्रत्यावर्तन 27 दिसंबर, 2025 को तीसरी विशेष सामान्य सीमा समिति की बैठक में थाईलैंड एवं कंबोडिया के बीच हस्ताक्षरित संयुक्त वक्तव्य के अनुच्छेद 11 के अनुरूप किया गया है, जिसके अनुसार पूर्ण युद्धविराम 72 घंटे तक निरंतर रहने के बाद 18 कंबोडियाई सैनिकों को स्वदेश वापस भेज दिया जाएगा।
यह रिहाई 26 अक्टूबर, 2025 को कुआलालंपुर में थाईलैंड एवं कंबोडिया के बीच हस्ताक्षरित संयुक्त घोषणापत्र के अनुरूप भी है। इसी बीच, कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय की प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल माली सोचेता ने भी जुलाई के अंत से थाईलैंड द्वारा पकड़े गये 18 कंबोडियाई सैनिकों की रिहाई की पुष्टि की है।
सुश्री सोचेता ने कहा, “ हमारे 18 सैनिकों की वापसी आसियान पर्यवेक्षक दल एवं अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति की निगरानी में हो रही है। ”
उन्होंने कहा, “ कंबोडिया को उम्मीद है कि इस रिहाई से दोनों देशों में आपसी विश्वास एवं भरोसा बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। हमारा मानना है कि इससे निकट भविष्य में दोनों देशों और उनके लोगों के हित में शांति, स्थिरता एवं सामान्य संबंधों के लिए अनुकूल माहौल तैयार होगा। ”
