भागीरथपुरा में मौत का पानी! एक बुजुर्ग सहित चार की और मौत,मृतक संख्या 12 पहुंची 150 से ज्यादा बीमार

इंदौर : भागीरथपुरा में गंदे पानी ने कहर बरपा दिया है। इमली वाली गली निवासी 70 वर्षीय शंकर भाया पैराडेवाल की उपचार के दौरान मौत हो गई। इनके अलावा तीन और मौतें होने के समाचार हैं. मौत की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। दो मरीजों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। एक बच्चे सहित तीन लोगों को गंभीर हालत में एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया।

स्थिति बेकाबू होती देख मंत्री सहित पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। कलेक्टर, एसडीएम, महापौर और निगम आयुक्त भागीरथपुरा में डटे हुए हैं और हालात पर नजर रखे हुए हैं। प्रशासनिक स्तर पर लगातार बैठकों का दौर चल रहा है।गंभीर हालात को देखते हुए शाम चार बजे मुख्यमंत्री के भागीरथपुरा पहुंचने की सूचना है। सीएम मौके पर पहुंचकर प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों से पूरे मामले की रिपोर्ट लेंगे।

गंदे पानी की चपेट में आए लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शहर के 27 अस्पतालों में करीब 150 लोग भर्ती हैं। बड़ी संख्या में मरीज उल्टी-दस्त से पीड़ित हैं, जबकि चार मरीजों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। अस्पतालों में इलाज के लिए अफरा-तफरी का माहौल है।इधर, लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। पार्षद कमल वाघेला के घर महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता चूड़ियां लेकर पहुंचीं और विरोध दर्ज कराया। बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं भी सड़कों पर उतर आईं और पार्षद के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि पिछले एक साल से इलाके में गंदा और बदबूदार पानी आ रहा था। कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया। अब उसी लापरवाही ने एक और बुजुर्ग सहित चार की जान ले ली और सैकड़ों लोग अस्पताल पहुंच गए।हालात बिगड़ने के बाद निगम ने संदिग्ध जल सप्लाई बंद कर दी है और पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रशासन ने इलाज और राहत के दावे किए हैं, लेकिन भागीरथपुरा में डर, गुस्सा और आक्रोश साफ नजर आ रहा है।

Next Post

ठंड और घने कोहरे से मध्यप्रदेश बेहाल: कल्याणपुर में पारा @ 1.7 पहुंचा

Wed Dec 31 , 2025
भोपाल: मध्यप्रदेश इस समय भीषण सर्दी और घने कोहरे की चपेट में है। पहाड़ी इलाकों से सक्रिय हुए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से प्रदेश में ठंड ने अपना असर और तेज कर दिया है। कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है, जिससे आमजन की दिनचर्या प्रभावित […]

You May Like