ठंड और घने कोहरे से मध्यप्रदेश बेहाल: कल्याणपुर में पारा @ 1.7 पहुंचा

भोपाल: मध्यप्रदेश इस समय भीषण सर्दी और घने कोहरे की चपेट में है। पहाड़ी इलाकों से सक्रिय हुए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से प्रदेश में ठंड ने अपना असर और तेज कर दिया है। कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है, जिससे आमजन की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।प्रदेश का सबसे ठंडा क्षेत्र शहडोल जिले का कल्याणपुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सर्दी के मौसम का अब तक का सबसे निचला स्तर माना जा रहा है। राजधानी भोपाल में बादलों की मौजूदगी के कारण रात का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा।

ठंड के साथ-साथ कोहरे ने भी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दृश्यता कम होने से रेल यातायात प्रभावित हुआ है। दिल्ली से आने वाली कई ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। मालवा एक्सप्रेस भोपाल करीब साढ़े चार घंटे विलंब से पहुंची, वहीं शताब्दी और सचखंड एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों पर भी असर देखा गया।सुबह के समय रीवा, दतिया और ग्वालियर में घना कोहरा छाया रहा।

दतिया और ग्वालियर में दृश्यता मात्र 50 मीटर दर्ज की गई, जबकि रीवा के सोहागी घाटी क्षेत्र में यह घटकर 20 मीटर तक पहुंच गई। नौगांव, सतना, सीधी, भोपाल, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, खजुराहो, मंडला, गुना, खरगोन, राजगढ़ और दमोह में भी कोहरे का असर देखा गया। ठंड और कोहरे के चलते लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत महसूस हो रही है।

Next Post

बीएसई के एमएसई प्लेटफॉर्म पर चार कंपनियां सूचीबद्ध

Wed Dec 31 , 2025
मुंबई, 31 दिसंबर (वार्ता) शेयर बाजार बीएसई के मझौली और छोटी कंपनियों वाले एमएसई प्लेटफॉर्म पर चार नयी कंपनियां सूचीबद्ध हुई हैं। बीएसई ने बुधवार को मीडिया को दी गयी जानकारियों में बताया कि उसके एसएसई प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध होने वाली नयी कंपनियां नैनटा टेक लिमिटेड, एडमैक सिस्टम्स लिमिटेड, बाई-काकाजी […]

You May Like