ब्यावरा। तेज बारिश के चलते कई शासकीय कार्यालयों के भवन की छत से पानी टपकने लगा है जिससे भवन में कार्य करने वालों के ऊपर खतरा मंडरा रहा है. वहीं कार्यालयों में आने-जाने वालों के लिए भी जोखिम बना रहता है तथा यहां रखे आवश्यक दस्तावेज, सामान के खराब होने का डर बना हुआ है.
उल्लेखनीय है कि कई शासकीय विभागों के कार्यालयों, स्कूलों के भवन काफी जीर्णशीर्ण अवस्था में होकर बारिश में खतरा बने हुए है.
छत पर ढंकी बरसाती
नपा कार्यालय में तेज बारिश होने पर कुछ जगह छत से पानी टपकते हुए कमरों में आ जाता है. पनी को रोकने छत पर बरसाती लगाई है ताकि पानी से कमरो में रखा सामान, दस्तावेज को नुकसान न हो.
डिस्पेंसरी में आ रहा पानी
स्थानीय पुराना अस्पताल परिसर में संचालित सिटी डिस्पेंसरी के भवन की छत से पानी रिसकर आने लगा है. पानी से सुरक्षा हेतु यहां मौजूद सामग्री, सामान को सुरक्षित ढंक दिया गया. प्रबंधन द्वारा इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारी को दे दी गई है.
कई स्कूल भवन कराए खाली
सर्वाधिक स्थिति शासकीय स्कूल भवनों की रही. जिले में ही सैकड़ो की संख्या में स्कूल भवन जर्जर होने के चलते वहां से कक्षाओं का संचालन बंद कर अन्यत्र सुरक्षित भवन में स्कूल लगाए गये है. जिले में करीब 524 प्रावि, मावि भवनों की मरम्मत का स्टीमेट जिले से भेजा गया है. गौरतलब है कि कई जीर्णशीर्ण स्कूल भवन की छत, प्लास्टर तक टपकने के मामले सामने आ चुके है.
