श्योपुर: पिछले 24 घंटे से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर में सीप नदी का पानी घुसने से बाजार जलमग्न हो गए हैं। सीप का जलस्तर बढ़ने से किला रोड, हरिजन बस्ती और गुप्तेश्वर मंदिर क्षेत्र समेत कई निचली बस्तियां जलमग्न हो गई हैं। प्रशासन ने इन क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।
बड़ौदा क्षेत्र में नालों का पानी उफान पर है। बाजारों की दुकानों और घरों में पानी घुस गया है। नगर पालिका और राजस्व विभाग की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी तेज बारिश की चेतावनी दी है। पिछले 24 घंटों में श्योपुर जिले में 67.60 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई है। बड़ौदा में सबसे अधिक 148 मिमी बारिश हुई है। जिले में अब तक कुल 1180.46 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है।
