
मंडला। मंडला जिले की बेटियों ने एक बार फिर फुटबॉल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जिले की 8 महिला खिलाड़ियों को सब जूनियर राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप 2025 के लिए चुना गया है। यह प्रतियोगिता 20 अगस्त से असम के जोरहट में शुरू हो गई है, जहाँ मंडला के ये खिलाड़ी मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
यह चयन हाल ही में इंदौर के मऊ में हुई मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय सब जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में डीएफए मंडला टीम के शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ। इस प्रतियोगिता में मंडला की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद 10 खिलाड़ियों को राष्ट्रीय कैंप के लिए चुना गया था, जिनमें से 8 खिलाड़ियों ने फाइनल टीम में जगह बनाई।
चयनित खिलाड़ियों में मनीषा उइके, सुरंजना भारतीया, प्रियंका मार्को, खुश्बू पनरिया, नंदनी परते, ज्ञानवती यादव, रजनी धुर्वे और माधुरी विश्वकर्मा हैं। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए सभी चयनित खिलाड़ियों को जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष डॉ. दिलीप शर्मा, सचिव अनिल सोनी सहित संघ के सभी सदस्यों और खेल अधिकारी विकास खराड़कर ने बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतरीन प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
