
जावरा। शहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले संजय कॉम्प्लेक्स में शराब के नशे में धुत युवकों द्वारा गुंडागर्दी और तोडफ़ोड़ का एक बेहद परेशान करने वाला मामला सामने आया है।
नशे में चूर युवकों ने न केवल एक परिवार के साथ मारपीट की और गंदी गालियां दीं, बल्कि घर में घुसकर जमकर तोडफ़ोड़ भी की। इस पूरी घटना का सबसे बड़ा सबूत यह है कि यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे आरोपियों की करतूत साफ उजागर हो रही है।
गाली-गलौज कर दी जान से मारने की धमकी: फरियादी राजेश जैन (53) पिता समरथमल जैन, निवासी संजय कॉम्प्लेक्स जावरा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। राजेश जैन के अनुसार, संजय कॉम्प्लेक्स के पीछे ब्लॉक में रहने वाले आरोपी साहिल पंवार और उसके एक अन्य साथी ने शराब के अत्यधिक नशे में उनके साथ अभद्र और अश्लील गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
घर में तोडफ़ोड़ से सहमे बुजुर्ग: मारपीट के बाद आरोपी जबरन फरियादी के घर में घुस गए और वहां जमकर तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। जिस वक्त नशे में धुत युवक घर के सामान को निशाना बना रहे थे, उस समय घर में मौजूद बुजुर्ग सदस्य खौफ के साए में आ गए। पूरे इलाके में इस घटना के बाद से तनाव और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते सजगता दिखाने से कोई बड़ी अनहोनी या संभावित दुर्घटना टल गई।
इनका कहना
फरियादी राजेश जैन की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगे हैं, जिनकी जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) नंदकिशोर बैरागी को जांच सौंपी गई है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दीपक मंडलोई
शहर थाना प्रभारी
