पहाड़ की धंसी सडक़, अमिलिया-हनुमना मार्ग बंद

सीधी। जिले में लगातार बारिश से अमिलिया-हनुमना मार्ग स्थित पहाड़ की आधी सडक़ धसकने से स्थानीय प्रशासन ने सुबह 11 बजे से आवागमन बंद करा दिया। महज दो पहिया वाहनों को निकलने दिया जा रहा है। मौके पर पुलिस बल की कड़ी चौकसी शुरू हो गई है।

लगातार हो रही बारिश के बीच कैमूर पहाड़ में सडक़ धंसने और लैंडस्लाइड की स्थिति गंभीर होती जा रही है। अमिलिया-हनुमना मार्ग पर मूड़ा मंदिर के समीप सडक़ का बड़ा हिस्सा धंस जाने के कारण बुधवार सुबह 11 बजे से मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया। स्थिति को देखते हुए अमिलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए मोर्चा संभाल लिया। सडक़ का बड़ा हिस्सा धंसने के बाद अब आवागमन के लिए महज करीब 8 फीट सडक़ ही शेष बची है।

बताया गया है कि अमिलिया-हनुमना मार्ग के कैमूर पहाड़ क्षेत्र में करीब चार स्थानों पर सडक़ क्षतिग्रस्त हो चुकी है। बीती रात हुई बारिश के दौरान मूड़ा मंदिर के समीप सडक़ का एक और बड़ा हिस्सा धंस गया। सडक़ के लगातार धंसने से हादसे का खतरा बढ़ गया है। मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को क्षतिग्रस्त हिस्से के शेष बचे संकरे रास्ते से पैदल निकलना पड़ रहा है जबकि भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है।

पांच दिन पहले भी धंसा था सडक़ का कुछ हिस्सा

मूड़ा पहाड़ क्षेत्र में बारिश के चलते सडक़ के बड़े हिस्से में दरार और धंसने की जानकारी करीब पांच दिन पहले ही सामने आ गई थी। इसके बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही पर तत्काल प्रभाव से रोक नहीं लगाई गई। लगातार बारिश के बीच सडक़ की स्थिति बिगड़ती गई और बीती रात एक और बड़ा हिस्सा धंस गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए जाते तो वर्तमान स्थिति को टाला जा सकता था।

भारी वाहनों की आवाजाही रूकने से खतरा कम

अमिलिया-हनुमना मार्ग जिले के महत्वपूर्ण एवं व्यस्त मार्गों में शामिल है। इस मार्ग पर यात्री वाहनों के साथ बड़ी संख्या में भारी वाहनों की आवाजाही होती थी। सडक़ का एक बड़ा हिस्सा धंसने के बाद भी यदि भारी वाहनों की आवाजाही जारी रहती तो सडक़ के और धंसने के साथ बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। इसी को देखते हुए अमिलिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बड़े वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह रोक दिया। खास बात यह है कि क्षतिग्रस्त सडक़ के समीप ही अंधा मोड़ भी मौजूद है। रात के समय तेज रफ्तार से आने वाले वाहन चालकों को सडक़ की वास्तविक स्थिति का समय रहते अंदाजा लगाना मुश्किल होता।

इनका कहना है

पहाड़ में अमिलिया-हनुमना मार्ग की सडक़ के तीन स्थानों से धसकने के कारण दो पहिया वाहनों को छोडक़र अन्य वाहनों के गुजरने पर आज सुबह ११ बजे से पूरी तरह रोक लगा दी गई है। पुलिस बल के साथ मैं स्वयं मौके पर व्यवस्था बनाने में लगा हूं।

राकेश बैस, टीआई अमिलिया

Next Post

तीसरे दिन भी जारी रहा नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी अभियान, शारदा मंडी से बस स्टैंड तक कार्रवाई

Thu Sep 3 , 2026
सिंगरौली। नगर निगम सिंगरौली का अतिक्रमण विरोधी अभियान गुरुवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। नगर निगम की टीम ने शारदा सब्जी मंडी, काली मंदिर, बस स्टैंड सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान यातायात पुलिस […]

You May Like

मनोरंजन