तीसरे दिन भी जारी रहा नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी अभियान, शारदा मंडी से बस स्टैंड तक कार्रवाई

सिंगरौली। नगर निगम सिंगरौली का अतिक्रमण विरोधी अभियान गुरुवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। नगर निगम की टीम ने शारदा सब्जी मंडी, काली मंदिर, बस स्टैंड सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान यातायात पुलिस का भी सहयोग रहा।

नगर निगम की टीम ने कार्रवाई से पहले अनाउंसमेंट कर अतिक्रमणकारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की सूचना दी। अधिकारियों का कहना है कि पूर्व में भी संबंधित लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए समझाइश दी गई थी, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर कार्रवाई करनी पड़ी।

कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन और नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान के नेतृत्व में शहर के सभी जोनों में यह अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थान पर रखा सामान नगर निगम के वाहनों में सुरक्षित तरीके से रखकर उन्हे उनके स्थान तक सुरक्षित पहुंचाया जा रहा फिलहाल नगर निगम द्वारा समझाइश और चेतावनी पर जोर दिया जा रहा है तथा जुर्माने की कार्रवाई नहीं की गई है।

कार्रवाई से जाम से मिली राहत, छोटे व्यापारियों ने उठाए सवाल

शारदा लॉज के सामने सहित कई स्थानों पर अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती थी। कार्रवाई के बाद राहगीरों और वाहन चालकों ने राहत जताई। लोगों का कहना है कि सड़क पर अतिक्रमण के खिलाफ ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहनी चाहिए।

हालांकि, कार्रवाई को लेकर कुछ छोटे व्यापारियों में नाराजगी भी देखने को मिली। छोटे व्यापारियों का आरोप है कि अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई का असर मुख्य रूप से छोटे दुकानदारों पर ही दिखाई दे रहा है। उनका सवाल है कि यदि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है तो बड़े कारोबारियों और बड़े प्रतिष्ठानों पर भी समान रूप से कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है।

छोटे व्यापारियों ने शारदा लॉज के आसपास संचालित बड़े और बहुमंजिला होटलों का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि यदि वहां भी सड़क, पार्किंग या सार्वजनिक स्थान से संबंधित अतिक्रमण है तो उसकी भी जांच और कार्रवाई होनी चाहिए। व्यापारियों का कहना है कि कार्रवाई हो तो सभी के लिए समान हो, चाहे छोटा व्यापारी हो या बड़ा कारोबारी।

नगर निगम ने दी आगे सख्त कार्रवाई की चेतावनी

नगर निगम उपायुक्त आरती वैष्णवी ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के लिए लगातार सूचना और समझाइश दी जा रही है। इसके बावजूद यदि किसी व्यक्ति द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया जाता है तो आगे बलपूर्वक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित अतिक्रमणकारी की होगी।

नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें, कार्रवाई में सहयोग करें तथा शहर को स्वच्छ रखने के लिए कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें।

अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में नगर निगम का यह अभियान छोटे दुकानदारों तक सीमित रहता है या बड़े प्रतिष्ठानों और बहुमंजिला व्यावसायिक भवनों में भी अतिक्रमण की जांच कर समान रूप से कार्रवाई की जाती है।

Next Post

महिलाओं ने पुत्र के दीर्घायु और समृद्धि के लिए की हरछठ पूजा

Thu Sep 3 , 2026
सीधी। महिलाओं ने पुत्र और परिवार की सुख समृद्धि के लिए आज निर्जला उपवास कर कांस, कुसा और झड़बेरी से बनी हरछठ की पूजा की। ग्रामीण क्षेत्रों में हरछठ के व्रत को लेकर ज्यादा उत्साह देखा जाता है। यहां व्रत की तैयारियां महिलाओं द्वारा एक पखवाड़े पूर्व से ही शुरू […]

You May Like

मनोरंजन