![]()
भोपाल। अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी के शक में हुए विवाद में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने मामले में पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस के अनुसार घटना एक मार्च की शाम की है। कैलाश नगर सेमरा निवासी 27 वर्षीय अंकित जोशी, जो पेशे से ड्राइवर था, पर उसके परिचित मोहित राव ने मोबाइल चोरी का आरोप लगाया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
विवाद के दौरान आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे अंकित के गर्दन और पेट में गंभीर चोटें आईं। उसे पहले जेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया। लगभग 15 दिन तक उपचार के बाद सोमवार रात उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई शक्ति जोशी ने आरोप लगाया कि आरोपी ने पीछे से गर्दन पर चाकू से वार किया, जिससे उसकी नस कट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने यह भी कहा कि अंकित पर लगाया गया चोरी का आरोप गलत था।
परिजनों ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की और आरोपी को बचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दर्ज एफआईआर में घटनाक्रम को सही तरीके से प्रस्तुत नहीं किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।
